बलिया में मुहर्रम जुलूस के दौरान फायरिंग, थाना इंचार्ज लाइन हाजिर, दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

Firing during Muharram procession in Ballia, station in-charge on line duty, two policemen suspended

जानकारी देते एसपी ओमवीर सिंह

बलिया/उत्तर प्रदेश। बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के खरिका गांव में रविवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान बिजली के तार काटने को लेकर दो समुदायों में विवाद हो गया, जिसमें फायरिंग और पथराव में चार लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने लापरवाही बरतने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना इंचार्ज प्रशांत चौधरी को लाइन हाजिर, उपनिरीक्षक जितेंद्र पांडेय और आरक्षी आनंद कुमार को निलंबित कर दिया।
इस वारदात में नौसाद अंसारी (21) और अर्श मोहम्मद (16) को गोली लगी, जबकि टीपू अंसारी (20) और मोहम्मद इंतजार (18) पथराव में घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां नौसाद और अर्श के बेहतर उपचार के लिये दोनों को वाराणसी रेफर किया गया।
घटना रविवार शाम को शुरू हुई, जब ताजिया जुलूस बिजली के तार से छू गया। तार काटने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसे पुलिस ने शांत कराया। रात 11 बजे जुलूस के लौटने पर विवाद फिर भड़क गया। अर्श मोहम्मद ने बताया कि कुछ लोगों ने गोलीबारी की। उनके साथ महिलाएं भी पत्थरबाजी में शामिल थीं। जिला अस्पताल के डॉ. विशाल ने बताया कि नौसाद के पेट और अर्श के हाथ में गोली लगी है।
एसपी ने बताया कि सुबह तार काटने को लेकर हुए विवाद को नियंत्रित करने में पुलिस की नाकामी के कारण रात में स्थिति बिगड़ी। संबंधित थाना इंचार्ज की ओर से इस पूरे घटना की जानकारी पुलिस विभाग के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी को नहीं दी गई। यहां तक कि संबंधित क्षेत्राधिकारी को भी नहीं दी गई। अगर समय पर जानकारी दी जाती तो हो सकता इस घटना पर समय रहते नियंत्रण कर लिया जाता। इस पूरे मामले की जांच सीओ सदर से करवाई जा रही है। इस प्रकरण में अन्य दोषियों को भी चिह्नित करने के क्रम में पुलिस विवेचना कर रही है।
तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस को मिली तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी ने कहा कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button