20 हजार में नवजात को बेचने अस्पताल पहुंच गई मां, बुलंशहर की हैरान कर देने वाली घटना
Mother reached the hospital to sell her newborn for 20 thousand rupees, shocking incident of Bulandshahr

बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर जिले में एक महिला अपने दुधमुंहे बच्चे को बेचने के लिए अस्पताल पहुंची तो लोग हैरान रह गए। महज 20 हजार रुपये में अपने बच्चे को बेचने के लिए तैयार महिला ने पहले बताया कि उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई है। बाद में जब पुलिस ने उससे पूछा तो उसने अपना बयान बदल दिया। पुलिस को महिला ने बताया कि उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। ऐसे में वह बच्चे का पाल नहीं सकती, जिस कारण उसने इसे बेचने का फैसला किया है। हालांकि, पुलिस ने उसके परिवार को बुलाकर और समझा-बुझाकर महिला को उनके सुपुर्द कर दिया है।
बुलंदशहर में जिला अस्पताल के बाहर बैठी एक मां अपने नवजात बच्चे को बेचने के लिए मजबूर है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, अनूपशहर थाना क्षेत्र की रहने वाली रुखसाना का ससुराल वालों से विवाद हो गया। उसने अपने बच्चे को मायके में ही जन्म दिया है। परेशान होकर वह 20 हजार में अपने बच्चों को बेचने को मजबूर है। हालांकि, मौक पर मौजूद लोगों को महिला ने पहले कुछ और कहानी बताई थी। महिला ने कहा कि उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई है। उसके ससुराल के लोगों ने उसे घर से निकाल दिया है। महिला ने कहा कि वह सिर्फ अपना पेट पाल सकती है, बच्चे का नहीं। इस कारण वह अपने बच्चे को 20 हजार में बेचने के लिए मजबूर है।
महिला द्वारा बच्चे बेचने की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, तत्काल महिला थाने की पुलिस अस्पताल पहुंच गई। महिला को समझा-बुझाकर थाने ले आई। महिला से पूछताछ की गई तो उसने दूसरी कहानी बता दी। महिला ने बताया कि उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया है। ससुराल से विवाद होने के नाते उसने बच्चे को जन्म भी मायके में दिया। पूरा मामला सुनने के बाद पुलिस ने महिला के परिवार वालों को थाने बुलाया। पुलिस ने महिला को उसके पिता के सुपूर्द कर दिया है।




