पति को फंसाने के लिए जीआरपी को दी बेटी के अपहरण की फर्जी सूचना

कानपुर/उत्तर प्रदेश। पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद के बाद पत्नी ने पति को फंसाने के लिए रविवार रात सेंट्रल स्टेशन पर अपनी ही बेटी के अपहरण की फर्जी सूचना जीआरपी को दे दी। हालांकि, जीआरपी की छानबीन में बेटी घर पर ही सकुशल मिल गई। सेंट्रल स्टेशन के जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे महिला ने तीन साल की बच्ची के अपहरण की सूचना दी।
पूछताछ में पता चला कि वह कन्नौज के बरौली परतीतपुरवा निवासी राजेश राजपूत की पत्नी कल्पना है। पति से विवाद होने पर पिता चंदर ऋषि और बच्ची के साथ ट्रेन से बिहार स्थित मायके जाने के लिए सेंट्रल स्टेशन पर आई थी। यहां से उसकी बेटी का अपहरण हो गया। क्यूआरटी की पांच टीमें सक्रिय की गईं। 120 सीसी कैमरे खंगाले गए लेकिन बच्ची नहीं मिली। एक टीम कन्नौज भेजी गई तो बच्ची सुसराल में ही मिल गई। ससुरालियों ने बताया कि वह गुस्से में बेटी को छोड़कर चली गई थी। छह घंटे बाद बच्ची को सेंट्रल पर लाकर महिला के सुपुर्द किया गया। ससुराल वालों ने महिला के खिलाफ कार्रवाई से इन्कार कर दिया। इसके बाद वह पिता व बेटी के साथ मायके चली गई।




