साइकिल चोरी से परेशान मजदूर को थाना प्रभारी ने भेंट की नई साइकिल, इंसानियत की मिसाल बनी पुलिस
यूपी के मुरादाबाद में एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। मजदूर की साइकिल चोरी हो तो थाना प्रभारी ने नई साइकिल मजदूर अर्जुन को दी।

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश। सोशल मीडिया और समाज में अक्सर पुलिस की छवि लोगों को परेशान करने वाली संस्था के रूप में पेश की जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक मजदूर की चोरी हुई साइकिल उसकी आजीविका का एकमात्र सहारा थी। साइकिल चोरी होने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे मजदूर की परेशानी को समझते हुए थाना प्रभारी ने उसे नई साइकिल भेंट कर मानवता की मिसाल पेश की।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी निवासी अर्जुन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कुछ समय पहले जिला अस्पताल से उनकी साइकिल चोरी हो गई थी। साइकिल ही उनके लिए काम पर आने-जाने और रोजी-रोटी कमाने का मुख्य साधन थी। साइकिल चोरी होने के बाद अर्जुन ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
अर्जुन ने मामले की शिकायत थाने में भी की थी। इसी दौरान उनकी परेशानी की जानकारी सिविल लाइंस थाना प्रभारी हरीशवर्धन को हुई। उन्होंने अर्जुन को फोन कर थाने बुलाया। अर्जुन जब थाना प्रभारी से मिलने पहुंचे तो हरीशवर्धन ने उनकी समस्या को देखते हुए उन्हें नई साइकिल भेंट की।
नई साइकिल मिलने पर अर्जुन भावुक हो गए। उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने थाना प्रभारी का आभार जताया। थाना प्रभारी ने नई साइकिल का बिल भी अर्जुन को सौंपा।
अर्जुन ने कहा कि यह उनके लिए महज एक साइकिल नहीं है, बल्कि दोबारा आत्मनिर्भर होकर मेहनत करने और परिवार का भरण-पोषण करने की नई उम्मीद है। नई साइकिल मिलने से उन्हें अपनी रोजी-रोटी फिर से सुचारु रूप से चलाने में मदद मिलेगी।
थाना प्रभारी हरीशवर्धन के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। लोगों ने पुलिस के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वर्दी के पीछे संवेदनशील इंसानियत का यह चेहरा समाज में पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करता है।




