उत्तर पूर्वी दिल्ली में नौ साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, सूटकेस में मिली थी बेहोश
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में बकरीद के त्योहार के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 9 साल की एक बच्ची जो अपने रिश्तेदार के घर बर्फ देने गई थी, रास्ते में लापता हो गई। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो वह एक फ्लैट की दूसरी मंजिल पर संदिग्ध हालत में मृत पाई गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
बच्ची के पिता ने बताया कि बच्ची अपनी ताई के घर बर्फ देने गई थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद पता चला कि एक व्यक्ति उसे अपने फ्लैट में ले गया था। जब परिजन फ्लैट पर पहुंचे तो मालिक ने बताया कि कमरा बंद है और चाबी उसके भाई के पास है। जब ताला तोड़ा गया तो अंदर अंधेरे में मोबाइल की रोशनी में बच्ची को एक सूटकेस के अंदर पाया। बच्ची के निचले हिस्से में कपड़े नहीं थे और खून बह रहा था।
परिजनों ने कहा कि तुरंत बच्ची को पास के एक क्लीनिक में ले गए, जहां डॉक्टर ने उसकी हालत गंभीर बताई और तत्काल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजन बच्ची को प्रवेश चंद्र हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरु तेग बहादुर हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
दयालपुर थाना पुलिस ने दुष्कर्म, हत्या और पॉक्सो की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बकरीद पर बच्ची शाम को पास में रिश्तेदार के यहां जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वहां नहीं पहुंची।
स्वजन का दावा है कि बच्ची एक सूटकेस में बेहोश मिली थी। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हत्या किस तरह से हुई। जांच करने वाले डाक्टरों ने पुलिस को बताया कि बच्ची के चेहरे पर चोट के निशान हैं और उसका यौन उत्पीड़न हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस घटना के बाद दयालपुर में तनाव का माहौल बनते देख बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। जिले में गश्त भी बढ़ा दी गई है। उत्तर पूर्वी जिला डीसीपी ने कई टीमें गठित की हैं और आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई है।




