कानपुर में ट्रैफिक व्यवस्था का हाल- मोबाइल फोन में व्यस्त पुलिस, ऑटो-टेंपो और ई-रिक्शा की अराजकता से लोग परेशान
The condition of traffic system in Kanpur- Police busy with mobile phones, people troubled by chaos of auto-tempo and e-rickshaw

कानपुर/उत्तर प्रदेश। दक्षिण क्षेत्र का सबसे व्यस्तम चौराह नौबस्ता। यहां से घाटमपुर, हमीरपुर, महोबा और बांदा समेत कई जिलों के लोगों का निकलना रहता है। इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड की लापरवाही के चलते आए दिन वाहन चालकों को जाम के दर्द से जूझना पड़ता है। मीडिया की टीम ने शुक्रवार को जब चौराहे पर लगने वाले जाम के कारणों को देखा तो ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड की लचर कार्यप्रणाली की तस्वीरें देखने को मिली। अवैध स्टैंड संचालक के गुर्गे मनमाने तरीके से ट्रैफिक का संचालन करते दिखे। जबकि जिम्मेदार टीएसआइ अंडरपास के नीचे बैठे मोबाइल चलाने और ट्रैफिक सिपाही उनके पीछे बाइक बैठे पंचायत करने में व्यस्त नजर आए।
नौबस्ता चौराहे पर पुलिसकर्मियों की नाक के नीचे आटो-टेंपो, ई-रिक्शा के चालक ही नहीं बल्कि रोडवेज व सिटी बस के चालक भी मनमाने तरीके से गाड़ी खड़ी कर सवारियां भर रहे थे। इससे यहां जाम के हालात बन गए। वाहनों से निकल रहे धुंए और धूप से पसीना-पसीना होकर निकल रहे वाहन चालक जिम्मेदारों को कोसते हुए नजर आए।
यही नहीं उस्मानपुर चौकी के पास सवारी को बैठाने की खींचतान में ऑटो चालक आपस में झगड़ते दिखे। कुछ देर बाद थाने की जीप भी पहुंची। पुलिसकर्मी मामले को समझते रहे, लेकिन सड़क से आटो हटवाने की जहमत तक नहीं उठाई।
नौबस्ता से बिधनू जाने वाले रूट पर दो ट्रैफिक सिपाही चौराहे के संचालन के लिए खड़े जरूर दिखे, लेकिन उनका खड़ा होना औपचारिकता से कम नहीं था। इनकी जिम्मेदारी अवैध स्टैंड संचालक के गुर्गे अपने मनमाने तरीके से संभालते नजर आए। गुर्गे हाथ में प्लास्टिक का पाइप लेकर चौराहे पर आटो-टेंपो वालों को अपने अनुसार हटवाते दिखे।




