‘पुलिस की नौकरी से बेहतर है अंडा-चावल बेचना’ गुस्साए कांस्टेबल के व्हाट्सएप स्टेटस से मचा बवाल

बेंगलुरु/एजेंसी। कर्नाटक पुलिस विभाग उस समय सकते में आ गया, जब एक कांस्टेबल का व्हाट्सऐप स्टेटस इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। कोप्पल जिले में तैनात कांस्टेबल ब्रह्मानंद ने अपने स्टेटस में पुलिस सेवा को लेकर खुली नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा साल के 365 दिन ड्यूटी करनी पड़ती है, एक दिन की भी छुट्टी नहीं। पुलिस बनने से अच्छा है अंडा चावल बेचना। इतना ही नहीं, उन्होंने युवाओं को चेतावनी देते हुए कहा पुलिस विभाग में भर्ती से पहले सौ बार सोचो। हो सके तो किसी और विभाग में चले जाओ। कांस्टेबल की यह टिप्पणी वर्दी के भीतर पनप रहे दबाव, थकान और असंतोष की झलक मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि ब्रह्मानंद की यह प्रतिक्रिया डीजीपी एमए सलीम के उस हालिया बयान के बाद सामने आई, जिसमें राज्य में 8,300 नए पुलिसकर्मियों की भर्ती की घोषणा की गई थी। कांस्टेबल ने इसी मुद्दे को लेकर मौजूदा व्यवस्था और कार्यभार पर सवाल उठाए। स्टेटस के वायरल होते ही विभाग हरकत में आ गया। कोप्पल के पुलिस अधीक्षक राम एल अरसिद्दी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button