मथुरा में ड्राइवर को आई झपकी, दिल्ली-आगरा हाईवे के फ्लाईओवर पर हवा में’ झूल गया ट्रैक्टरों से लदा ट्रॉला

मथुरा/उत्तर प्रदेश। दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर गोकुल रेस्टोरेंट के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रैक्टरों से लदा एक विशालकाय ट्रॉला बेकाबू होकर फ्लाईओवर से लटक गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक, ट्रॉला दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था। चश्मदीदों ने बताया कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही ट्रॉला गोकुल रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ा और गाड़ी सीधे फ्लाईओवर से लटक गया। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने की वजह से यह एक्सीडेंट हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। ट्रॉले पर कई नए ट्रैक्टर लदे हुए थे, जिससे वाहन काफी भारी था और वह बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए क्रेन को बुलाया और घंटों की मशक्कत के बाद ट्रॉले को हाईवे से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
पुलिस ने शुरुआती जांच में थकान और नींद आने को ही हादसे का मुख्य कारण माना है। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी के ड्राइवरों की सुरक्षा और थकान को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि रात या सुबह के समय ड्राइविंग के दौरान सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button