चार दिन, सात टीमें और गुजरात की शातिर गैंग बेनकाब: सिरोही सदर बाजार ज्वैलरी चोरी का पर्दाफाश
18 किलो चांदी, 260 ग्राम सोना और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार

सिरोही/राजस्थान। शहर के सदर बाजार में ज्वैलर्स की दुकान से करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के गहनों और नकदी की सनसनीखेज चोरी का सिरोही पुलिस ने महज चार दिन में खुलासा कर दिया। पुलिस की सात विशेष टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुजरात की प्रोफेशनल नकबजन गैंग के चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान और गुजरात में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इस बड़ी सफलता के पीछे पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में की गई सतत मॉनिटरिंग और तकनीकी जांच रही। एएसपी किशोर सिंह चौहान और वृत्ताधिकारी मुकेश चौधरी के नेतृत्व में सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर तीन आरोपियों को गुजरात के सतलासना और वडनगर, जबकि एक आरोपी को बड़ौदा से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर की रात चोरों ने सदर बाजार स्थित ज्वैलरी शॉप का शटर तोड़कर करीब 18 किलो चांदी, 260 ग्राम सोने के गहने और 20 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ किया था। मामले के खुलासे के लिए थानाधिकारी कैलाशदान के नेतृत्व में सात टीमें गठित की गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले इलाके की रेकी करते थे और वारदात के लिए चोरी के वाहनों का इस्तेमाल कर बाद में उन्हें छोड़कर फरार हो जाते थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि 16 दिसंबर को आरोपियों ने आबूरोड में पहले एक कार चोरी करने का प्रयास किया, असफल रहने पर बाइक चुराई और उसी बाइक से दूसरी कार चोरी कर ली। इसके बाद आरोपी उसी कार से सिरोही सदर बाजार पहुंचे, ज्वैलरी दुकान का ताला और शटर तोड़कर चोरी की और फरार हो गए। वारदात के बाद सरूपगंज टोल प्लाजा से आगे हाईवे किनारे चोरी की कार छोड़कर अपनी निजी कार से गुजरात भाग निकले। सिरोही पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से न केवल करोड़ों की चोरी का राजफाश हुआ है, बल्कि व्यापारियों और आमजन में सुरक्षा को लेकर विश्वास भी मजबूत हुआ है।




