दिल्ली-एनसीआर में बड़े पैमाने पर बन रहे फर्जी वीजा-पासपोर्ट, गिरोह के 3 नाइजीरियन नागरिक गिरफ्तार

नोएडा ब्यूरो। दिल्ली-एनसीआर में फर्जी वीजा-पासपोर्ट बनाकर लोगों को विदेश भेजने का काम धड़ल्ले से किया जा रहा है। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा में फर्जी वीजा-पासपोर्ट बनाने वाले एक ऐसे ही विदेशी गिरोह के तीन नाइजीरियन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपितों के कब्जे से 12 लाख के ड्रग्स, 21 वीजा और 18 से अधिक फर्जी पासपोर्ट मिले हैं। पुलिस ने इसके अलावा 16 एटीएम कार्ड, 30 मोबाइल, 20 एक्टिवेट सिम, दो लैपटॉप, फर्जी यूएस डॉलर भी किया गया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपितों की पहचान लेडले जिमोह, ऑलिंस तबुगो, अजुह डेनियल के रूप में हुई है। डीसीपी ने बताया कि स्पेशल सेल व थाना नॉलेज पार्क के संयुक्त अभियान में फर्जी पासपोर्ट/वीजा बनाने, साइबर ठगी व अवैध ड्रग्स सप्लाई करने वाले के आरोप में तीनों विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि अवैध रूप से भारत में रह रहे नाइजीरियन नागरिकों के खिलाफ नोएडा प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड केस का पर्दाफाश किया था। इसी मामले की जांच के दौरान तीन विदेशी लोगों की जानकारी मिली। नाइजीरिया के तीनों आरोपित अवैध तरीके से फर्जी वीजा-पासपोर्ट बनाकर लोगों को मुहैया कराते थे। डीसीपी ग्रेटर नोएडा अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे 10-15 हजार रुपये लेकर फर्जी पासपोर्ट-वीजा बनाने का काम करते थे। इसके अलावा इन्होंने पूर्व में कई साइबर अपराधों को भी अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गैंग में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।




