त्रिपुरा में गरजे अमित शाह, ट्रिपल ट्रबल से बचना है तो बनाएं डबल इंजन की सरकार

उनाकोटी,(त्रिपुरा)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि त्रिपुरा आगामी राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और टिपरा मोथा की ‘‘तिहरी मुसीबत’’ का सामना कर रहा है और भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ही राज्य को इससे बचा सकती है। शाह ने कहा कि त्रिपुरा में लंबे समय तक आदिवासियों को धोखा देने वाला वाम दल अब लोगों को ‘‘धोखा’’ देने के लिए एक आदिवासी नेता को मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में पेश कर रहा है। उन्होंने यहां उनाकोटी जिले में एक रैली में कहा, ‘‘यदि आप इस ‘तिहरी मुसीबत’ से बचना चाहते हैं, तो ‘डबल इंजन’ वाली भाजपा सरकार को वोट दें।’’

जितेंद्र चौधरी माकपा के शीर्ष आदिवासी नेताओं में से एक हैं और त्रिपुरा में वाम-कांग्रेस गठबंधन के सत्ता में आने की स्थिति में उन्हें मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। माकपा और कांग्रेस 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 16 फरवरी को होने वाले चुनाव में मिलकर लड़ रही हैं। शाह ने यह भी दावा किया कि वामपंथियों ने पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कई हमले किए, लेकिन अब दोनों ने चुनाव से पहले गठबंधन कर लिया है।

शाह ने कहा कि कांग्रेस और वाम दल का एकसाथ आना इस बात का संकेत है कि उन्होंने चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हार मान ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्रिपुरा में लोगों को पहले सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए ‘‘माकपा कार्यकर्ताओं’’ की ओर रुख करना पड़ता था, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद स्थिति बदल गई। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने गरीबों, मध्यम वर्ग और आदिवासियों के समग्र विकास के उद्देश्य से सड़कों के निर्माण, स्वच्छ पेयजल की सुविधा प्रदान करने और दूरदराज के स्थानों पर विद्युतीकरण करने की पहल की।’’

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि त्रिपुरा में भाजपा के सत्ता में आने के बाद अपराध दर में 30 फीसदी की कमी आई है। उन्होंने भाजपा के सत्ता में आने पर 2025 तक गरीबों के लिए आवास का आश्वासन दिया और कहा कि प्रत्येक चाय बागान श्रमिक परिवार को घर बनाने के लिए 1,600 वर्ग फुट जमीन दी जाएगी। सिपाहीजाला जिले के विश्रामगंज में एक अन्य रैली में गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस, माकपा और टिपरा मोथा की ‘तिहरी मुसीबत’ को वोट देने से त्रिपुरा में जंगल राज की वापसी का रास्ता खुलेगा।

शाह ने कहा, “त्रिपुरा में कांग्रेस और वामपंथी सरकारों के दौरान कई घोटाले हुए, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले पांच वर्षों में राज्य का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया है।” कांग्रेस और वाम दलों पर कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में वामपंथियों का कोई नामोनिशान नहीं बचा है, जबकि देश में कांग्रेस का भी कुछ ऐसा ही हश्र हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button