प्रदेश भाजपा द्वारा विभिन्न मेट्रो स्टेशन के बाहर नई आबकारी नीति में हुए भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए चलाया गया जनसंपर्क अभियान

नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा की ओर से आज नई आबकारी नीति में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा किए भ्रष्टाचार के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर हैंडबिल बांटे और मेट्रो में सफर कर रहे यात्रियों से दिल्ली की केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार को लेकर उनकी राय ली। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के बाहर सिसोदिया द्वारा किए भ्रष्टाचार को उजागर करता हैंडविल बांटने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता को भी पता होना चाहिए कि आखिर झूठे प्रचार के सहारे अपनी राजनीति चमका रहे केजरीवाल की असली करतूत क्या है। रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि हमारा केजरीवाल से साफ और स्पष्ट रुप से सवाल है जिसका जवाब अगर केजरीवाल दें तो शायद दिल्ली की जनता को आधे से अधिक बातों का जवाब मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नई आबकारी नीति के बारे इतनी तारीफ करने वाले और इसे राजस्व के लिए फायदें की नीति बताने वाले केजरीवाल और सिसोदिया ने आखिर इसे वापस क्यों ले लिया? इतना ही नहीं केजरीवाल कहते हैं कि शराब के ठेकों की संख्या नहीं बढाई गई, लेकिन गली-गली में शराब के लगभग 850 से अधिक ठेके क्यों खोल दिये? रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि विधानसभा में खुद मनीष सिसोदिया कहते थे कि दिल्ली के 100 वार्ड हैं जहां शराब के ठेके नहीं खोले जा सकते, लेकिन उसके बावजूद मास्टर प्लान का उलंघन कर आपने शराब के ठेके क्यों खोले। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की जनता जानना चाहती है कि जब कुलविंदर मारवाह जो खुद एल-1 का ठेकेदार है, ने स्टिंग ऑपरेशन में पैसों की लेन-देन की जानकारी दे दी तो केजरीवाल सरकार अभी तक सिसोदिया को मंत्रिमंडल में क्यो बनाई हुई है।

सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि रेवड़ी और बेवड़ी आम आदमी पार्टी की सरकार अब चुप्पी साध चुकी है क्यों कि जो चोरी करता है उसके पास बोलने के लिए कुछ नहीं होता लेकिन सरकार चुप्पी साध सकती है, जनता नहीं। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की गली-गली में लोग एक ही नारा लगा रहे हैं कि मनीष सिसोदिया चोर हैं, लेकिन बावजूद उसके केजरीवाल ने भाजपा और जनता के सवालों का अभी तक जवाब नहीं दिया है क्योंकि उन्हें फंसने का डर सता रहा है। इसलिए मुद्दे को भटकाने के लिए वे तरह-तरह के पैतरे बदल रहे हैं। मनोज तिवारी ने कहा कि आज जिन टैक्स पेयर्स के पैसों से दिल्ली की जनता का भला होना था उसे शराब माफियाओं को देकर पिछली गली से अपने अकाउंट में मंगा रहे हैं। इसलिए जब तक ऐसे लोगों की बर्खास्तगी नहीं होगी तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब सवाल पूछा जा रहा है तो वे दिल्ली छोड़कर भाग जाते हैं। एसवाईएल पर चुप्पी साधने वाले केजरीवाल और उनकी पार्टी आखिर कब तक भागते रहेंगे।
सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि नई आबकारी नीति में शराब की बिक्री में दोगुने से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई, लेकिन राजस्व में 3000 करोड़ का कैसे नुकसान हो गया? शराबमाफियों को फायदा पहुँचने के लिए कमीशन को 2 फीसदी से 12.5 फीसदी क्यों कर दिया? ये सारे सवाल केजरीवाल और उनके चहेते मनीष सिसोदिया से तबतक पूछे जाएंगे जब तक वे इसका जवाब नहीं दे देते या फिर अपनी चोरी स्वीकार कर सिसोदिया को बर्खास्त नहीं कर देते। उन्होंने कहा कि स्वराज नामक पुस्तक में केजरीवाल ने खुद ही लिखा है कि किसी भी क्षेत्र में शराब के ठेके खोलने से पहले वहां की महिलाओं और आरडब्ल्यूए संगठन से पूछकर फैसला लिया जाएगा, लेकिन नई आबकारी नीति के तहत गली-गली में शराब के ठेके खोलने के लिए किससे अनुमति ली गई? विभिन्न स्थानों पर हुए इस जनसंपर्क अभियान में असम के भाजपा सह-प्रभारी श्री पवन शर्मा, प्रदेश महामंत्री श्री कुलजीत सिंह चहल, श्री हर्ष मल्होत्रा एवं श्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अशोक गोयल देवराहा, श्री राजीव बब्बर, श्रीमती बरखा सिंह एवं श्री सुनील यादव, विधायक श्री विजेन्द्र गुप्ता, श्री अभय वर्मा एवं श्री अनिल वाजपेयी, प्रदेश भाजपा मीडिया रिलेशन विभाग के प्रभारी श्री हरीश खुराना, प्रदेश मंत्री सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी, श्रीमती सुनीता कांगड़ा, श्रीमती नीलम धीमान एवं श्री मोहन लाल दायमा सहित अन्य पदाधिकारी एवं हज़ारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।



