कौशाम्बी के सिद्धपीठ ऊनौ में नौ दिवसीय नवरात्र मेले का समापन, कन्या पूजन और विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

30 वर्षों से अधिक समय से चली आ रही परंपरा के तहत प्रतिपदा से रामनवमी तक हुई मां की आराधना, मेले के अंतिम दिन उमड़े श्रद्धालु

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी। सरसवां विकासखंड के ऊनौ गांव स्थित सिद्धपीठ सतचंडी माता मंदिर में आयोजित नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव का रामनवमी के अवसर पर विधि-विधान के साथ समापन हुआ। तीन दशक से अधिक समय से चली आ रही परंपरा के तहत प्रतिपदा से रामनवमी तक मंदिर में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की गई। मेले के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां सतचंडी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
नवरात्र के नौ दिनों तक मंदिर परिसर में पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा। इस दौरान आयोजित मेले में ऊनौ गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु और ग्रामीण पहुंचे। लोगों ने मेले में खरीदारी करने के साथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। अंतिम दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।
रामनवमी पर विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। महोत्सव के समापन पर हवन-पूजन किया गया और श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर मां सतचंडी से परिवार तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
मेले के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तेवा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। आयोजकों और पुलिस के सहयोग से नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button