12 करोड़ की हेरोइन, विदेशी हथियार, राजस्थान के बॉर्डर इलाके से पंजाब तक चल रहा खेल बेनकाब

Heroin worth 12 crores, foreign weapons, the game running from Rajasthan's border area to Punjab exposed

श्रीगंगानगर/राजस्थान। राजस्थान के लगातार हो रही तस्करी पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर है। इसी क्रम में मंगलवार को श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ कर ड्रग माफिया को करारा झटका दिया है। पुलिस ने अमृतसर और मलोट से तस्करी कर लाई गई 2 किलो 183 ग्राम अवैध हेरोइन, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये है, उसे बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज कार्रवाई में 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 7 पिस्टल (6 ग्लॉक विदेशी पिस्टल, 1 जिगाना पिस्टल), 13 मैगजीन, 32 जिंदा कारतूस थे। इसके अलावा एक कार और एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की गई।
एसपी और डीआइजी गौरव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्रवाई जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का नतीजा है। ऑपरेशन को IPS बी. आदित्य और डीएसटी प्रभारी रामविलास बिश्नोई की अगुआई में अंजाम दिया गया। इस मिशन में डीएसटी के अश्वनी की भूमिका सबसे अहम रही, जिनकी सटीक सूचना और रणनीति ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार तस्कर पंजाब के अमृतसर और मलोट से हेरोइन लाकर राजस्थान में सप्लाई करते थे। बरामद विदेशी हथियारों से साफ है कि यह गैंग केवल नशा तस्करी तक सीमित नहीं था, बल्कि संगठित अपराध में भी लिप्त था। पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे के मास्टरमाइंड और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
यह कार्रवाई श्रीगंगानगर पुलिस की नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है। डीआइजी गौरव यादव ने कहा, ‘हमारा मकसद नशे के सौदागरों को जड़ से उखाड़ना है। युवाओं को नशे की दलदल से बचाने के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।’ पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि इस रैकेट के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और स्थानीय नेटवर्क का खुलासा हो सके। जिले में इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button