चीन में कोरोना ने मचाया हाहाकार, शंघाई में 52 लोगों ने तोड़ा दम, बीजिंग में 2 करोड़ से ज्यादा लोगों का होगा टेस्ट

बीजिंग। चीन कोरोना वायरस संक्रमण से काफी ज्यादा परेशान है। बीजिंग के साथ-साथ शंघाई के हालात सबसे ज्यादा खराब बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन की आर्थिक राजधानी कही जाने वाले शंघाई में एक दिन में 52 लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हो गई। जबकि एक दिन पहले शंघाई में 51 लोगों ने दम तोड़ा था। आपको बता दें कि शंघाई में कोरोना संक्रमण के 1,661 मामले सामने आए। इसके अलावा राजधानी बीजिंग में भी हालात काफी खराब हैं। जिसके बाद प्रशासन ने राजधानी के 11जिलों में मंगलवार को बड़े स्तर पर कोरोना टेस्ट करने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि बीजिंग में एक दिन में 2 करोड़ से ज्यादा लोगों का टेस्ट किया जाएगा।

बीजिंग के स्थानीय प्रशासन ने जिले के सभी लोगों का तीन बार टेस्ट किए जाने का आदेश दिया है। मंगलवार के अलावा बुधवार और शुक्रवार को भी यह टेस्ट होंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग की मंगलवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार संक्रमण के स्थानीय प्रसार के 1,908 मामले सामने आए जिनमें से 1,661 मामले शंघाई से सामने आए। कुछ वक्त पहले सोशल मीडिया पर शंघाई के वीडियो सामने आए थे। जिसमें स्थानीय लोगों को सख्त लॉकडाउन के चलते काफी समस्या का सामना करते हुए देखा जा सकता था। सामने आए वीडियो के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों को इसके अंजाम भुगतने तक की चेतावनी दी थी। दरअसल, शंघाई में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। जिसको लेकर प्रशासन कोविड जीरो नीति के तहत काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button