किटी पार्टी में देती थी मोटे रिटर्न का झांसा, अब 2 करोड़ लेकर हुई फरार

नई दिल्ली। किटी पार्टी करने वाली एक महिला ने रुपये इनवेस्ट करने पर 18 से 20 फीसदी रिटर्न देने का दावा किया। किटी पाटी में महिलाओं को बढ़िया खाना खिलाती, तंबोला और गिफ्ट देती। कई महिलाएं प्रभावित हो गईं और इनवेस्ट करने लगीं। शुरू में रिटर्न भी दिया। सबका भरोसा बढ़ा तो महिलाएं ज्यादा से ज्यादा इनवेस्ट करने लगीं।आखिर में आरोपी महिला पैसा लौटाने में आनाकानी करने लगी। पीड़ित महिलाएं जब आरोपी के घर गईं तो पति भी मारपीट पर उतारू होने लगा। बाद में दोनों गायब हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक 23 महिलाएं सामने आई हैं, जिनका दावा है कि उन्हें करीब 2 करोड़ रुपये की चपत लगी है।
सभी पीड़ित महिलाएं द्वारका में रहती हैं। पुलिस को दी शिकायत में महिलाओं ने बताया कि आरोपी शिल्पी गुप्ता किटी पार्टी ऑपरेट करती थी। अधिकतर मेंबर कैश देते थे, जबकि कुछ ने ऑनलाइन और बैंक खाते से ट्रांसफर किए। कभी रिसिप्ट नहीं दी, लेकिन वो हिसाब-किताब का रिकॉर्ड रखती थी। कुछ की रिसिविंग वॉट्सऐप चैट में है। ज्यादातर लेन-देन इनके घर या किराए की दुकान पर होता था।
शिल्पी के पति पंकज गुप्ता की दुकान का कर्मचारी भी पैसे लेने या गिफ्ट देने आता था। वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए भी हाई रिटर्न का झांसा देते थे। शुरुआत में रिटर्न मिलने से सबका भरोसा बढ़ा। ये ज्यादा से ज्यादा इनवेस्ट कर मुनाफे का लालच देने लगे। घरेलू, जॉब और अपना बिजनेस करने वाली कई महिलाएं झांसे में आ गईं। कोविड-19 के समय मार्च 2020 में कुछ ने इंस्टॉलमेंट देने में असमर्थता जताई। ये धमकी देने लगे कि किस्त टूटी तो पूरी रकम जब्त हो जाएगी।
डर से सबने पैसा देना चालू रखा। पीड़ितों ने जब अपनी रकम ब्याज समेत लौटाने की बात कही तो शिल्पी बहानेबाजी करने लगी। कॉल उठाना बंद कर दिया। कुछ महिलाएं घर पर गईं, तो हैरसमेंट का केस करने की धमकी दी। वो जनवरी 2017 से सबसे रुपये ले रही थी। अब अपने घर से फरार है।




