‘द कश्मीर फाइल्स’ नहीं दिखाने पर आगरा के दो सिनेमाघरों पर लगा दिए ताले

आगरा।  फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को शहर के सभी सिनेमाघरों में प्रदर्शित करने की मांग को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने संजय टॉकीज व पन्ना पैलेस के गेट पर ताला लगाकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि कश्मीर फाइल्स का प्रदर्शन शहर के सभी सिनेमाघरों में किया जाए।  दोनों सिनेमाघरों पर हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।  संजय टाकीज के मैनेजर ने प्रिंट मिलने पर फिल्म को प्रदर्शित करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद यहां मामला शांत हो सका। वहीं पन्ना पैलेस में भी कार्यकर्ताओं ने हंगामा और तालाबंदी कर दी। यहां भी सिनेमाघर संचालक ने राष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत किया। विहिप के प्रचार प्रसार प्रमुख अभिषेक शर्मा और बजरंग दल के अनूप वर्मा, राष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष गोविंद पाराशर समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने संजय टॉकीज पर फिल्म के प्रदर्शन की मांग की। उनका कहना था कि जब यह सिनेमाघर संचालक छोटी फिल्में चलाते हैं तो इस फिल्म का प्रदर्शन क्यों नहीं किया जा रहा है। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत करवाया।
10 मार्च को रिलीज की गई अनुपम खेर की फिल्म द कश्मीर फाइल्स शहर में मल्टीप्लेक्स सर्व कॉम्प्लेक्स और श्री समेत चार सिनेमाघरों में चल रही है। श्री टॉकीज के प्रोपराइटर नमित बताते हैं कि फिल्म के वितरक ही सिनेमाघरों को प्रिंट उपलब्ध कराते हैं। ऐसे में सिनेमाघर संचालकों की मर्जी के ऊपर यह निर्भर नहीं करता है। हमें भी इस फिल्म का प्रिंट का 13 मार्च को मिला था। अब फिल्म के सभी शो फुल चल रहे हैं। फिल्म को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। सर्व मल्टीप्लेक्स के गोमित कपूर ने बताया कि कश्मीर फाइल्स को अच्छा रेस्पांस मिल रहा है। मध्य प्रदेश में इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है। अब यूपी में भी इस फिल्म को टैक्स फ्री कर देना चाहिए।
छात्र निखिल खंडेलवाल ने बताया कि यह फिल्म कश्मीर में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की परतें खोलती है। वहां किस तरह से हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाने का काम किया गया, इसे दर्शाया गया है। यह अच्छी फिल्म है। इस तरह की फिल्में मनोरंजन के साथ जानकारी भी देती हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button