गर्लफ्रेंड प्रेग्नेंट हुई तो पीछा छुड़ाने के लिए किया जानलेवा हमला, 12 घंटे ठंड में पड़ी रही घायल

नई दिल्ली। ईस्ट दिल्ली के मयूर विहार इलाके में सड़क किनारे खून से लथपथ मिली लड़की की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी योगेश डेढा उर्फ युवी (21) को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी की पीड़िता लड़की से दोस्ती थी, जो प्रेग्नेंट थीं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पीड़िता इस बच्चे को उसका बता रही थी। लड़की से पीछा छुड़ाने के लिए हत्या की योजना बनाई। लड़की पर जानलेवा हमला करने के बाद उसे मरा समझकर फरार हो गया था। पीड़िता 12 घंटे तक जख्मी हालत में ठंड में झाड़ियों में ठिठुरती रही।
झाड़ी में खून से लथपथ पड़ी थी लड़की
पुलिस अफसरों ने बताया कि मयूर विहार थाने में 11 जनवरी की सुबह करीब 8:50 बजे एक लड़की के फायर ब्रिगेड ऑफिस के पास झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में पड़े होने की कॉल मिली थी। पुलिस ने 19 साल की लड़की को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें एलएनजेपी अस्पताल रेफर कर दिया गया। लड़की के चेहरे, गर्दन और सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट के निशान थे। लड़की का तुरंत ऑपरेशन किया गया। अभी भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ है।
पुलिस जांच में पता चला कि लड़की एक क्लिनिक में जॉब करती थी। आसपास के 120 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले गए। पचास से ज्यादा संदिग्धों, आसपास के लोगों और दुकानदारों से पूछताछ की गई। परिजनों ने खुलासा किया कि चिल्ला गांव निवासी योगेश उर्फ युवी लड़की का बॉयफ्रेंड है। उसी पर जानलेवा हमले का शक जताया। पुलिस ने सीसीटीवी और सीडीआर के आधार पर योगेश को दबोच लिया।
आरोपी ने बताया कि पीड़िता से उसकी दोस्ती थी और फिजिकल रिलेशन भी थे। वह प्रेग्नेंट हो गई थी। बच्चे को उसका बताकर दबाव बनाने लगी। पीछा छुड़ाने के लिए 10 जनवरी की रात करीब 9:30 बजे हत्या के इरादे से वह उसे फायर ब्रिगेड ऑफिस के पास झाड़ियों में ले गया। बहस होने पर उसे धक्का दे दिया। उसका सिर किसी चीज पर लग गया। फिर ब्लेड और पेचकस से हमला कर दिया। लड़की को मरा समझ कर वह वहां से फरार हो गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button