गाजियाबाद में ब्राउन शुगर के संग विदेशी महिला और उसका दोस्त गिरफ्तार

गाजियाबाद। गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने रविवार रात को नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट व तंजानिया की नीमा सेबस्तियन को 415 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों दिल्ली से गाजियाबाद आए थे, यहां उनको कार बदलकर पंजाब जाना था। नीमा नवंबर 2022 व इनोसेंट 2019 से दिल्ली में किराये पर रहकर ब्राउन शुगर की सप्लाई में लगे हुए थे। दिल्ली-एनसीआर का एक बड़ा माफिया उनसे यह काम करा रहा था।
विदेशी होने की वजह से पुलिस उन पर शक नहीं करती थी। एडीसीपी क्राइम सच्चिदानंद ने बताया कि क्राइम ब्रांच ने रविवार रात को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की बाजार में कीमत 12 लाख से अधिक है। दोनों दिखाने के लिए कपड़े बेचने का काम भी करते थे।
एक बार ब्राउन शुगर सप्लाई करने में उनको 20 हजार से ज्यादा का लाभ होता था। नीमा ने अपना वीजा व पासपोर्ट मोबाइल में पुलिस को दिखाया है। जबकि, इनोसेंट ने बताया कि उसका वीजा व पासपोर्ट कहीं खो गए हैं। मामले की जांच खुफिया विभाग ने भी शुरू कर दी है। दूतावास से भी पुलिस व खुफिया विभाग के अधिकारियों ने संपर्क साधा है।




