कांवड़ यात्रा में दिखा गाजियाबाद पुलिस का मानवीय चेहरा, एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बांटा पानी

कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने आराध्य भोलेनाथ को चढ़ाने को जा रहे हैं। ऐसे में कांवड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए पुलिस ड्यूटी के साथ सेवाभाव भी दिखा रहे हैं।

गाजियाबाद। सावन माह की कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही गाजियाबाद पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। नंदग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मेरठ रोड स्थित घूकना मोड़ पर कांवड़ियों को अपने हाथों से पानी की बोतलें वितरित करते नजर आ रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सेवा करते उनके इस कदम की सराहना हो रही है।
कांवड़ यात्रा से पहले जियाउद्दीन अहमद को लेकर कुछ विवाद भी सामने आए थे। एक हिंदूवादी नेता द्वारा उनके मुस्लिम होने के आधार पर ड्यूटी पर आपत्ति जताई गई थी, जिस पर राजनीतिक और सामाजिक बहस भी हुई। हालांकि पुलिस-प्रशासन ने इन मांगों को नजरअंदाज करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।
विवादों से अलग एसीपी जियाउद्दीन अहमद पूरी यात्रा के दौरान लगातार सक्रिय भूमिका में नजर आए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा। घूकना मोड़ पर उन्होंने स्वयं कांवड़ियों को पानी वितरित किया और उनकी सुरक्षित यात्रा की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भी ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच उनका आभार जताया।
पुलिस विभाग में शांत और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में पहचाने जाने वाले जियाउद्दीन अहमद की इस पहल को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने भी साझा किया है। कांवड़ यात्रा के दौरान उनकी सक्रियता यह संदेश देती है कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि जनसेवा भी उसका अहम हिस्सा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button