22 जनवरी को अयोध्या के तर्ज पर सजेंगे दिल्ली के बाजार, दीपों से जगमाएगी राजधानी, निकलेंगी शोभायात्रा

नई दिल्ली। 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर के उद्‌घाटन की तैयारियां अब दिल्ली में शुरू हो गई हैं। अयोध्या के तर्ज पर 22 जनवरी को दिल्ली के सभी बाजारों को सजाने की कवायद शुरू हो गई है। इस दिन बाजारों में उत्साह का माहौल गर्म रहेगा। जगह-जगह शोभायात्रा निकालने के साथ ही दुकानों के बाहर दीप भी जलाए जाएंगे। इस आयोजन को लेकर दिल्ली के व्यापारियों ने कार्यक्रम का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है।
कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने दिल्ली के अलावा देश के सभी शहरों में ‘हर शहर अयोध्या, घर-घर अयोध्या’ राष्ट्रीय अभियान चलाने जा रहा है। इसकी शुरुआत 1 जनवरी से होगी। दिल्ली कैट के अध्यक्ष विपिन आहूजा ने बताया कि 22 जनवरी को अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के मंदिर के उद्‌घाटन और प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को एक अविस्मरणीय दिन बनाने और उस दिन दिल्ली के सभी बाजारों में दिवाली मनाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही बाजारों को दीपों से सजाने और शोभायात्रा निकालने की भी तैयारी की जा रही है। वहीं, कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल के मुताबिक, मंदिर के शुभारंभ के दौरान देश भर के बाजारों में 5 हजार से अधिक राम फेरी निकालने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
यह राम फेरियां बाजारों में राम भजन कर अलख जगाएंगी। इसके अलावा लगभग 2500 से अधिक राम संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें लोगों को इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। व्यापारियों के घरों में 5 हजार से अधिक राम चौकी आयोजित कर प्रभु श्रीराम के भजन कार्यक्रम का आयोजन किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। कैट ने बाजारों में मंदिर का होर्डिंग और दुकानों पर श्रीराम मंदिर के स्टीकर भी लगाने की बात कही है।
दिल्ली व्यापार महासंघ के अध्यक्ष देवराज बवेजा ने बताया कि सभी बाजारों में एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे। लोगों को मिठाई खिलाई जाएगी। साथ ही उत्साह में दीप भी जलाए जाएंगे। वहीं, साउथ एक्स एक्सटेंशन पार्ट वन मार्केट असोसिएशन के प्रेसिडेंट अंकुश बोरो ने बताया कि जगह-जगह होडिंग लगाई जाएगी। साथ ही उस दिन ग्राहकों को विशेष छूट भी दी जाएगी। अंकुश ने सरकार से गुहार लगाई है कि 22 जनवरी को राम दिवस के रूप में घोषित कर दिया जाए, ताकि हर साल 22 जनवरी को इस पर्व के रूप में मनाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button