बुलंदशहर में पुलिस ने बाइक से तमंचा निकालकर कार में रखा, युवक को भेजा जेल, इंस्पेक्टर समेत चार सस्पेंड
In Bulandshahr, the police removed the pistol from the bike and kept it in the car, sent the youth to jail, four people including the inspector suspended

बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने बाइक से तमंचा निकालकर कार में रख दिया। इसके बाद कार सवार को जेल भी भेज दिया। इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने इस मामले में चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
जानकारी के अनुसार शिकारपुर थाना प्रभारी चौकी इंचार्ज के साथ नगर क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने एक कार सवार को रोक लिया और चेकिंग करने के दौरान मोटरसाइकिल में से तमंचा निकालकर कार में रख दिया। इतना ही नहीं पुलिस ने इस मामले में कार सवार को अवैध तमंचा रखने के मामले में जेल में भेज दिया।
लेकिन जहां पुलिस चेकिंग कर रही थी। वहीं सीसीटीवी कैमरा भी लगा था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी बुलंदशहर ने वीडियो को संज्ञान लेते हुए एसपी क्राइम को जांच सौंप दी।
इस मामले में एसएसपी ने शिकारपुर थाना प्रभारी चौकी इंचार्ज और दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया। इसके साथ दो होम गार्ड्स के खिलाफ भी इस मामले में जांच के लिए निर्देश दिए हैं। अब एसपी क्राइम इस मामले की जांच भी कर रहे हैं।
इस मामले में एसपी क्राइम राकेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो के आधार पर इस मामले में इंस्पेक्टर राजेश चतुर्वेदी, चौकी इंचार्ज शुभम चौधरी, कॉन्स्टेबल सुनील कुमार , कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र कुमार चारों को सस्पेंड किया गया है। दोनों होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

