आगरा के पास तांतपुर में घरेलू सिलिंडरों के अवैध भंडारण का पर्दाफाश, 130 सिलिंडर हुए बरामद

आगरा/उत्तर प्रदेश। आपूर्ति विभाग और खेरागढ़ तहसील की टीम ने शुक्रवार को घरेलू सिलिंडरों की कालाबाजारी को लेकर बड़ी कार्रवाई की। तांतपुर, जगनेर के एक घर से 130 घरेलू सिलिंडर बरामद किए। इसमें दो कमर्शियल सिलिंडर भी शामिल हैं। हर दिन 20 से 25 हाकर सिलिंडरों को लेकर आते थे।
सिलिंडरों को 1700 से 1900 रुपये में बिक्री की जा रही थी। कार्रवाई के डर से मकान मालिक ताला बंद कर भाग गया। टीम ने ताला तुड़वाकर सिलिंडरों को बाहर निकाला। मकान मालिक के खिलाफ जगनेर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति न होने से घरेलू सिलिंडरों पर बोझ बढ़ गया है। सिलिंडरों की गैस रिफिलिंग से लेकर कालाबाजारी की जा रही है। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी के आदेश पर आपूर्ति विभाग की टीम कार्रवाई कर रही है।
आपूर्ति और तहसील खेरागढ़ की टीम ने शुक्रवार दोपहर साढ़े तीन बजे तांतपुर, जगनेर स्थित अशोक सिंघल के मकान पर छापा मारा। टीम के पहुंचने से पहले मकान मालिक अशोक सिंघल ताला बंद कर भाग गया। टीम ने ताला तोड़ा और जांच शुरू की। दो कमरों में 130 घरेलू सिलिंडर बरामद किए गए। टीम ने आसपास पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले बातें पता चलीं। अशोक सिंघल द्वारा सिलिंडरों की कालाबाजारी की जा रही थी। सिलिंडर न सिर्फ ग्रामीण क्षेत्र में बेचे जा रहे थे बल्कि इनकी आपूर्ति व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी की जा रही थी। पूछताछ में पता चला कि सिलिंडरों को 1700 से 1900 रुपये में बेचा जा रहा था।
सिलिंडरों को देने के लिए हर दिन हाकर आते थे। यह कार्य लंबे समय से चल रहा था लेकिन कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद होने के बाद और भी बढ़ गया था। डीएसओ आनंद सिंह ने बताया कि 130 सिलिंडरों में 125 खाली घरेलू सिलिंडर, दो कमर्शियल पांच किग्रा के सिलिंडर, तीन भरे हुए घरेलू सिलिंडर शामिल हैं। सभी सिलिंडरों को कब्जे में लेते हुए एक गैस एजेंसी को दिया जा रहा है। मकान मालिक अशोक सिंघल के खिलाफ जगनेर में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।




