लखनऊ में अवैध बिल्डिंग गिराने गई टीम पर लोगों ने बोला हमला, जान बचाकर भागी पुलिस

लखनऊ/उत्तर प्रदेश। राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण गिराने गई पुलिस के साथ स्थानीय लोगों की झड़प हो गई। दरअसल, कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस एक अवैध बिल्डिंग को गिराने गई थी। जैसे ही बिल्डिंग गिरी, किसी ने अफवाह फैला दी कि मलबे में कुछ लोग दब गए हैं। इसके बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे। पुलिस इससे पहले कुछ समझ पाती, लोगों ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस जैसे-तैसे जान बचाकर वहां से भागी। कुछ देर बाद आला अधिकारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की। तब जाकर मामला शांत हुआ। घटना लखनऊ के अकबरपुर की रविवार की है।
हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस और जिला प्रशासन की टीम अवैध मकान को गिराने के लिए जेसीबी और पोकलैंड मशीन लेकर मौके पर पहुंची थी। देखते ही देखते बिल्डिंग मलबे में तब्दील हो गई। तभी यह अफवाह फैल गई कि जो बिल्डिंग गिराई गई है, उसके मलबे में कुछ लोग दब गए हैं। यह जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और बवाल करने लगे। इससे पहले कि पुलिस उन्हें समझा पाती, नाराज लगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिस लगातार इनकार करती रही कि मलबे में कोई नहीं दबा है लेकिन लोग नहीं माने।
पुलिस को जान बचाकर वहां से भागना पड़ा। बाद में आला अधिकारियों तक मामला पहुंचा तो वे अतिरिक्त पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया जा सका। मौके पर अभी भी फोर्स तैनात है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button