बदलते मौसम के बीच मां वैष्णो देवी की यात्रा जारी, शाम तक 11 हजार श्रद्धालुओं ने किए पंजीकरण

बदलते मौसम, हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा उत्साहपूर्वक जारी है। शाम 5 बजे तक 11 हजार से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके थे, जबकि हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित रही।

संवाददाता/सुदेश कुमार

कटड़ा/जम्मू। पल-पल बदल रहे मौसम के बीच वीरवार को मां वैष्णो देवी की यात्रा लगातार जारी रही। दिनभर कभी हल्की बारिश तो कभी ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ माता के भवन की ओर बढ़ते नजर आए। मौसम खराब रहने के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी और जयकारों के बीच यात्रा मार्ग पर भक्तों की आवाजाही बनी रही।
फिलहाल मां वैष्णो देवी के सभी यात्रा मार्ग सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं। यात्रा मार्ग पर तैनात आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के अधिकारी एवं जवान लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। बदलते मौसम को देखते हुए सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े दलों को सतर्क रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारू रूप से जारी रह सके।
त्रिकूट पर्वत पर दिनभर बादलों का जमघट बना रहने के कारण कटड़ा से संचालित होने वाली हेलीकाप्टर सेवा अधिकांश समय प्रभावित रही। मौसम की स्थिति के कारण हेलीकाप्टर सेवा पर असर पड़ा, हालांकि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहीं। बैटरी कार सेवा, रोपवे केबल कार, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाओं का श्रद्धालुओं ने अपनी सुविधा के अनुसार लाभ उठाया।
स्थानीय प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से मौसम तथा यात्रा मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि मौसम में अचानक बदलाव की स्थिति में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वीरवार को श्रद्धालु पंजीकरण कराने के बाद आरएफआइडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार और मित्रों के साथ जयकारे लगाते हुए भवन की ओर रवाना होते रहे। शाम पांच बजे तक करीब 11 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर मां वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। इसके बाद भी श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी रहा।
यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। मौसम खराब होने के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से कटड़ा और भवन मार्ग पर धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने और सुरक्षा कर्मियों तथा श्राइन बोर्ड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button