सुसाइड की कोशिश कर रही थी पत्नी, बचाने की बजाय वीडियो बनाता रहा पति, महिला की मौत

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। कानपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक विवाहिता ने कथित तौर पर पति से झगड़े के बाद आत्महत्या कर ली। आरोप है कि इस दौरान पति उसका वीडियो बनाता रहा और उसे बचाने की कोशिश भी नहीं की। पति ने ही पत्नी के मायके फोन कर बताया कि उसने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, मामले में पति की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। मृतका के माता-पिता ने भी उस पर संदेह जताया है। पुलिस महिला के पति से पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, शोभिता गुप्ता की शादी पांच साल पहले संजय गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों में अक्सर झगड़े होते रहते थे। मंगलवार यानी कि 25 अक्टूबर को शोभिता ने कथित तौर पर अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शोभिता के पति के फोन में एक वीडियो है, जिसमें वह आत्महत्या की कोशिश करती दिखाई देती है लेकिन इस दौरान संजय उसे बचाने की कोई कोशिश नहीं करता है, बल्कि वीडियो में वह यह कहता सुना जा सकता है कि ‘ग्रेट, यही तुम्हारी सोच है। बहुत खराब सोच है।’
इसके बाद शोभिता फंदा उतारकर संजय को घूरती है और यह वीडियो यहीं खत्म हो जाता है। इसके दो घंटे बाद संजय शोभिता के माता-पिता को फोन कर बताता है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनकर कानपुर में ही रहने वाले शोभिता के मां-पिता भागकर उसके घर आते हैं और देखते हैं कि उनकी बेटी का शव बिस्तर पर रखा हुआ है और संजय उसे सीपीआर देने की कोशिश कर रहा है यानी कि उसकी सांस वापस लाने की कोशिश कर रहा है।
संजय अपने सास-ससुर को वह वीडियो दिखाता है, जिसमें वह आत्महत्या की कोशिश करती दिखाई देती है। वह दावा भी करता है कि पहले उसने शोभिता को बचाने की कोशिश की थी। शोभिता के पिता ने कहा कि संजय का बर्ताव काफी संदिग्ध लग रहा था। उन्होंने कहा कि हमने उसे शोभिता को अस्पताल ले जाने की बजाय उसकी छाती पर पंप करते देखा। उसने हमें एक वीडियो दिखाया और कहा कि उसने पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी। वह उसे बचाने की कोशिश नहीं कर रहा था बल्कि वीडियो बना रहा था। शोभिता के पिता ने कहा कि यह सब कुछ साढ़े 12 बजे के आसपास हुआ जिसके बाद ही उनकी बेटी की मौत हो गई। शोभिता के मां-पिता उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शोभिता के पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button