अलीगढ़ में जन्माष्टमी पर वार्ष्णेय मंदिर में जूते पहनकर पहुंचे थे पुलिस अधिकारी, फोटो वायरल होने पर देनी पड़ी सफाई
मंदिर की सुरक्षा देखने पहुंचे थे सभी

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ जिले में वार्ष्णेय मंदिर में जूता पहनकर पहुंचे पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मचारी का फोटो वायरल हो रही है। फोटो में सीओ सिटी द्वितीय कमलेश कुमार और गांधी पार्क एसएचओ राजवीर सिंह परमार, पुलिसकर्मियों के साथ वार्ष्णेय मंदिर परिसर में जूते पहनकर घूमते दिखाई दिए। फोटो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
वहीं इस फोटो को स्वयं अलीगढ़ पुलिस के मीडिया सेल ने भी मंदिर भ्रमण के समय जारी किया था। हालांकि अब जब फोटो को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर फजीहत होने लगी तो तत्काल मीडिया सेल ने हटा दिया गया। इसके बाद सीओ और मंदिर प्रबंधक को सफाई देनी पड़ी।
मामला थाना गांधी पार्क स्थित वार्ष्णेय मंदिर का है। 16 अगस्त की दोपहर को सीओ द्वितीय कमलेश कुमार और एसएचओ गांधीपार्क राजवीर सिंह परमार, पुलिसकर्मियों के साथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम देखने पहुंचे। उस समय मंदिर कमेटी के प्रबंधक राधेश्याम व अन्य पदाधिकारी भी उनके साथ थे। मंदिर के भूतल वाले हिस्से में हॉल के आस-पास घूमते हुए उन्होंने वहां बैरिकेड लगवाने के निर्देश दिए और बाद में बाहर आ गए। मंदिर परिसर में जूते पहनकर घूमते हुए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। खुद पुलिस के मीडिया सेल ने भी मंदिर भ्रमण के समय वह फोटो जारी किया। मगर कुछ ही देर में अंदर जूते पहनते हुए का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
अलीगढ़ पुलिस ने अपनी फजीहत होते देखा तो तत्काल सीओ सिटी द्वितीय कमलेश कुमार ने बचाव करते हुए सफाई दी। बताया कि गांधीपार्क क्षेत्रांतर्गत वार्ष्णेय मंदिर में पुलिस टीम श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए गई थी। किसी की आस्था को ठेस पहुंचाने की किसी भी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी की कोई मंशा नहीं थी। पुलिस टीम को मंदिर प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष के द्वारा अत्यधिक भीड़ होने के कारण परिसर में भ्रमण कराया गया था। पुलिस अधिकारी मंदिर परिसर के बाहर हॉल में खड़े हैं, जहां कोई भी इस तरह से आ-जा सकता है। भगवान ठाकुर जी ऊपर की मंजिल पर विराजमान है।





