शाहदरा जिले की गीता कालोनी थाना पुलिस ने लूटपाट करने वाले तीन अंतर्राष्ट्रीय चोरों को किया गिरफ्तार
26 मोबाइल फोन, दो सोने की चेन, चोरी की तीन बाइक व अन्य सामान बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। शाहदरा जिला की गीता कालोनी थाना पुलिस ने लूटपाट करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों से 26 मोबाइल फोन, दो सोने की चेन, चोरी की तीन बाइक व अन्य सामान बरामद किया गया है।
आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी शाहरुख और आसिफ के अलावा एक माल का रिसीवर इंदिरापुरी, लक्ष्मी गार्डन, लोनी निवासी रिजवान उर्फ मुल्ला के रूप में हुई है। आरोपियों ने 18 अगस्त को महज चार घंटे के भीतर 26 मोबाइल फोन झपट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 26 मोबाइल फोन, सोने की दो चेन, चोरी की तीन बाइक, चांदी की दो राखी और अन्य सामान बरामद किया है। शाहरुख के खिलाफ पहले से 23 मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने 31 वारदातें सुलझाने का दावा किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि चंद ही दिनों में इन लोगों ने झपटमारी की ।100 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे दिया है। शाहरुख और आसिफ सुबह के समय केटीएम बाइक पर वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी रिजवान उर्फ मुल्ला के खिलाफ भी हत्या के मामले समेत छह मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ 112 बीएनएस के तहत संगठित अपराध की धारा में कारवाई की है।
शाहदरा जिला के डीसीपी सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि नौ अगस्त को गीता कालोनी इलाके में केटीएम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला से चेन झपट ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से पड़ताल हुई। बाइक के नंबर के आधार पर पता चला कि बदमाशों ने चोरी की बाइक पर वारदात को अंजाम दिया था।
650 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया
पुलिस टीम ने करीब 650 सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों के जाने का रूट का पता किया। सीसीटीवी की जांच करते हुए टीम गांधी नगर, पुश्ता रोड, शास्त्री पार्क, उस्मानपुर, खजूरी खास, सिग्नेचर ब्रिज, संगम विहार होते हुए जगतपुर गांव पहुंची। यहां आरोपियों की मूवमेंट का पता चल गया। करीब सात दिन तड़के जांच पड़ताल हुई। इस बीच गीता कालोनी थाना पुलिस ने 19 अगस्त को शाहरुख और आसिफ को गीता कालोनी से दबोच लिया। इसके बाद इनके साथी व रिसीवर रिजवान को लोनी से गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से लूटे गए 26 मोबाइल व अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान शाहरुख ने बताया कि वह नवंबर 2023 में जेल से बाहर आया है।
मूवी देखकर देते थे वारदात को अंजाम
जेल से बाहर आने के बाद उसने आसिफ के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिया। आरोपी बॉलीवुड मूवी देखकर वारदात को अंजाम देते थे। ज्यादातर सुबह के समय आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए निकलते थे। एक ही दिन में कई वारदातों को अंजाम देकर आरोपी अगले कुछ दिनों के लिए गायब हो जाते थे।




