शादी से 2 दिन पहले अनाथ हो गई फौजी की बिटिया, साथी सैनिकों ने पिता बन किया कन्यादान, रो पड़े लोग
A soldier's daughter became an orphan 2 days before her wedding, fellow soldiers became her father and gave her away in marriage, people started crying

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा में भावुक कर देने वाली घटना में सैनिकों ने अपने साथी सैनिक की बेटी का कन्यादान किया है। जिले के मांट क्षेत्र में छुट्टी लेकर बेटी की शादी करने आए सैनिक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद साथी सैनिकों ने पिता का कर्तव्य निभाते हुए बेटी का कन्यादान किया। मांट के थानाध्यक्ष रंजीत वर्मा ने रविवार को बताया कि बकला गांव के रहने वाले देवेंद्र सिंह (48) की बेटी की 7 दिसंबर को शादी होनी थी, जिसकी तैयारियों में वह जोर-शोर से जुटे थे। लेकिन होनी को कुछ और मंजूर था। शादी से 2 दिन पहले देवेंद्र की मांट-राया रोड पर हादसे में मौत हो गई।
देवेंद्र के रिश्तेदार नरेन्द्र ने बताया कि बेटी की शादी से ठीक 2 दिन पहले पिता की मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया और तैयारियां बीच में ही रुक गईं। नरेन्द्र ने बताया कि परिवार के सदस्य सोच-विचार कर रहे थे कि कन्यादान कौन करेगा? इसी बीच जब देवेंद्र की मृत्यु के बारे में उनकी जाट बटालियन के साथियों को पता चला तो उनके कमांडिग अधिकारी ने 5 जवानों को कन्यादान करने के लिए बकला गांव भेजा। नरेन्द्र ने बताया कि देवेंद्र के साथी सैनिकों सूबेदार सोनवीर सिंह, सूबेदार मुकेश कुमार, हवलदार प्रेमवीर, विनोद और बेताल सिंह ने गांव पहुंच कर न केवल पिता की हैसियत से बेटी का कन्यादान किया बल्कि विवाह की व्यवस्था में भी पूरी मदद की।




