श्रीडूंगरगढ़ में ढोंगी बाबा के आश्रम पर चल बुलडोजर, रेप और हत्या का आरोपी गिरफ्तार

5 हत्याएं और 2 रेप का आरोपी है श्रीभगवान

बीकानेर/राजस्थान। बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सुरजनसर गांव में ढोंगी बाबा के नाम से कुख्यात श्रीभगवान सोनी के आश्रम पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। श्रीभगवान, जो पहले पांच लोगों की हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट चुका है, हाल ही में दो नाबालिग बच्चियों से बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार हुआ। इसके बाद प्रशासन ने उसका अवैध रूप से बना आश्रम बुलडोजर से गिरा दिया।
उपखंड अधिकारी उमा मित्तल और तहसीलदार कुलदीप मीणा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने आश्रम, मंदिर और ढाबे सहित सभी निर्माण ध्वस्त कर दिए। जांच में अफीम के पौधे भी बरामद हुए, जिससे नारकोटिक्स एक्ट के तहत नया केस दर्ज हो सकता है। करीब 50 बीघा गोचर भूमि को मुक्त कर ग्राम पंचायत को सौंप दिया गया।
श्रीभगवान ने 1993 में चूरू जिले के बीदासर गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या की थी। इसमें दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे। कोर्ट ने उसे दोषी मानते हुए 20 साल की सजा सुनाई थी। वह 2013 में जेल से रिहा हुआ और आश्रम बनाकर फिर से सक्रिय हो गया। 3 जून 2025 को श्रीभगवान ने 8 और 9 साल की दो बहनों को मंदिर में प्रसाद देने के बहाने बुलाया और दरांती से धमकाकर बलात्कार किया। बच्चियों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो और आईपीसी की धाराओं में मामला दर्ज किया।
ढोंगी बाबा ने सुरजनसर, आडसर और धीरदेसर पुरोहितान गांवों के लोगों को झाड़-फूंक के नाम पर गुमराह किया। ग्रामीण बाबा के आश्रम में अनाज, नकदी और अन्य चीजें चढ़ावा चढ़ाते थे। हर शनिवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण आश्रम में एकत्र होते थे। श्रीभगवान ने जलदाय विभाग के ट्यूबवेल से अवैध पाइपलाइन डालकर पानी लिया और ट्रांसफार्मर से बिजली की चोरी की। प्रशासन को आश्रम से भांग के पौधे, हथियार और अवैध गतिविधियों के अन्य सबूत भी मिले। आश्रम में गांजे की खेती भी की जा रही थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अफीम की खेती के साक्ष्य मिलने पर एनडीपीएस एक्ट में नया मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बच्चियों का मेडिकल करवा दिया गया है और उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई है। प्रशासन ने कहा है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button