गाजियाबाद में रिश्वत मांगने के आरोप में पूर्व एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज

गाजियाबाद। दो वर्ष पहले दहेज उत्पीड़न के मामले को रफा-दफा करने के एवज में दो लाख रिश्वत मांगने के आरोप में तत्कालीन एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुरादनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता रघुपाल सिंह हैं।
रघुपाल सिंह के मुताबिक, दो साल पहले उनके खिलाफ मुरादनगर थाने में दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस बीच सिपाही विकास का उनपर फोन आया। उसने थाने आने को कहा। इसके बाद मुकदमे को खत्म कराने के लिए दारोगा और एसएचओ से मुलाकात कराई। मुकदमा खत्म कराने के नाम पर उनसे दो लाख रुपये रिश्वत मांगी। मना करने पर पुलिसकर्मियों ने उनपर दबाव बनाना शुरू कर दिया। आये दिन दबिश दी जाने लगी। परेशान होकर पीड़ित ने डीसीपी ग्रामीण से शिकायत की। उन्होंने एसीपी से जांच कराई तो पुष्टि हुई। मामले में अब सोमवार को चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।




