प्रयागराज में हत्या के प्रयास में शुआट्स के कुलपति अरेस्ट, प्रोफेसर आरबी लाल पर दर्ज हैं 27 केस

प्रयागराज/उत्तर प्रदेश। शुआट्स विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आरबी लाल को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रिमांड मैजिस्ट्रेट फलत गांगुली के सामने पेश किया गया। मैजिस्ट्रेट ने उन्हें 12 जनवरी तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। लाल के खिलाफ पूर्व भाजपा नेता दिवाकर नाथ त्रिपाठी ने हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज करवाई थी। दिवाकर का आरोप है कि रविवार सुबह वह अपने दोस्त सर्वेंद्र संग टहलने निकले थे। तभी आरबी लाल कार से आए और उनके दो साथियों ने फायरिंग कर दी। लाल के खिलाफ धर्म परिवर्तन करवाने समेत कई मामले दर्ज हैं।
बता दें कि आरबी लाल पर गंभीर धाराओं में कुल 26 मुकदमे दर्ज हैं। रविवार सुबह ही उनके ऊपर 27वां मुकदमा दर्ज हुआ। भाजपा नेता की तहरीर पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज होते ही पुलिस ने आरबी लाल को गेस्ट हाउस से गिरफ्तार कर लिया। आरबी लाल को कई मामलों में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट से राहत मिल गई थी।
1998 में दर्ज हुआ पहला केस
आरबी लाल पर प्रयागराज, लखनऊ, फतेहपुर और प्रतापगढ़ में गंभीर धाराओं में केस है। उन पर सामूहिक धर्मांतरण, करोड़ों की वित्तीय अनियमितता समेत गंभीर आपराधिक केस हैं। डीसीपी यमुना नगर अभिनव त्यागी ने बताया कि आरबी लाल के साथ रहे दो लोगों ने फायरिंग की थी। उनकी तलाश की जा रही है। आरबी लाल पर 1998 में सबसे पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। उन पर नैनी थाने में 11, कैंट में 2, करछना में 1, सिविल लाइंस में 1, जार्जटाउन में 1 और घूरपुर थाने में 1 मुकदमा दर्ज है।




