मां को मारकर थाने पहुंचा ‘कलयुगी बेटा’, मोदीनगर में दिल दहलाने वाला कांड

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की गर्दन काटकर नृशंस हत्या कर दी, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोपी घटना के तुरंत बाद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना अपराध कबूल कर लिया कि मैंने अपनी मां को मार दिया है। पुलिस ने हत्यारे बेटे को हिरासत में ले लिया है।
यह दिल दहला देने वाली वारदात मोदीनगर के फफराना रोड, जनता कॉलोनी में शुक्रवार देर रात हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल (24) और उसकी पत्नी का मां से विवाद चल रहा था। पत्नी और मां मधु के बीच झगड़ा हुआ। इसी गुस्से में उसने तेज धारदार हथियार से हमला कर मां की गर्दन काट दी। घटना को अंजाम देने के बाद राहुल सीधे थाने पहुंचा और अधिकारियों से कहा ‘मैंने अपनी मां को मार दिया है।’ इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां घर के अंदर महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी और मां के बीच रोजाना विवाद होता था, जिससे वो अजीज आ चुका था। रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिससे वो आप खो बैठा और उसने अपनी मां की हत्या कर दी। हालांकि पुलिस इस बयान की सत्यता की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और घटनास्थल से मिले साक्ष्य सील कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिवार और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके। क्षेत्र में सत्य के बाद दहशत का माहौल है।




