कानपुर में ईद पर हाई अलर्ट: चप्पे-चप्पे पर पुलिस, ड्रोन से निगरानी

कानपुर/उत्तर प्रदेश। ईद पर शनिवार को पुलिस अधिकारी अलर्ट रहे। जगह जगह पुलिस फोर्स तैनात रहा। नमाज के दौरान ड्रोन से भी निगरानी की गई। साथ ही एलआइयू भी संदिग्धों पर नजर बनाए हुए हैं। बड़ी ईदगाह में नमाज के बाद पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था डा. विपिन ताडा और एडीएम राजेश कुमार ने बधाई दी। इस दौरान क्यूआरटी और पीएसी भी तैनात रही।
ईद को लेकर पूरा शहर अलर्ट रहा। देर रात और शनिवार तड़के डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने फोर्स के साथ ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था व यातायात प्रबंधन को लेकर निरीक्षण किया। धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से संवाद कर शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ ईद मनाने की अपील की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए।
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था, बेरीकेडिंग, सीसीटीवी से निगरानी और भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम के भी निर्देश दिए। बड़ी ईदगाह समेत स्थानों पर निगरानी की गई। वहीं, डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और एडीसीपी पूर्वी ने जाजमऊ ईदगाह की सुरक्षा व्यवस्था देखी और लोगों को ईद की बधाई दी। उधर, डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने कल्याणपुर स्थित जामा मस्जिद, अर्मापुर में ईदगाह मस्जिद का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। इसी तरह से डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बाबूपुरवा और मछरिया में मस्जिदों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था देखी।
बेनाझाबर स्थित मरकजी ईदगाह में ईद-उल-फितर के अवसर पर बड़ी संख्या में नमाजियों ने एकत्र होकर नमाज अदा की। सुबह से ही ईदगाह परिसर में नमाजियों की भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में उत्साह व उल्लास का माहौल रहा। नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। नमाज के उपरांत जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने मौके पर उपस्थित लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और जनपदवासियों के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी और खुशियां साझा कीं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरे कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button