मथुरा में समलैंगिक संबंधों का विरोध करने बेटे ने पिता की कर दी हत्या

मथुरा/उत्तर प्रदेश। यूपी के मथुरा से चौंकाने वाली खबर आई है। यहां के राया थाना क्षेत्र में गत चार मई को एक बक्से में अधजला शव मिला था। 10 दिन बाद पुलिस ने इस मामले का खुलासा कर दिया है। बेटे अजीत ने ही अपने पिता मोहनलाल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। दरअसल अजीत का कृष्णा नामक युवक से समलैंगिक संबंध था। एक दिन पिता ने अजीत और कृष्णा को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इसके बाद से वह अजीत की हरकतों का विरोध करने लगे। इस बात को लेकर घर में आएदिन झगड़ा होता रहता था। तंग आकर अजीत ने पिता की हत्या कर दी और शव बक्से में भरकर जला दिया। इस वारदात में कृष्णा ने अजीत का साथ दिया। पुलिस ने दोनों समेत चार लोगों अरेस्ट कर जेल भेज दिया है।यह पूरा मामला राया थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि मोहनलाल का 23 साल का बेटा अजीत समलैंगिक है। उसका अपने दोस्त कृष्णा से संबंध था। पिता इस बात का विरोध किया करता था। पिता से नाराज होकर बेटे अजीत ने कृष्णा के साथ मिलकर मर्डर प्लान तैयार किया। इसमें उन्होंने अपने दो और साथियों लोकेश और दीपक को भी शामिल किया। इन लोगों ने 2 मई को घर में घुसकर मोहनलाल की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद अगले दिन 3 मई की रात डेड बॉडी को बक्से में भरकर सुनसान जगह ले गए और आग के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों ने बक्से को देखा और आग बुझाया। अंदर अधजला शव देखकर सबके होश उड़ गए।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से छानबीन शुरू की। पुलिस ने जांच के बाद लोकेश और दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इस बीच अजीत और कृष्णा फरार हो गए। गत रविवार की रात एक मुठभेड़ के दौरान अजीत और कृष्णा को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि समलैंगिक संबंध का विरोध करने की वजह से अजीत ने पिता की हत्या की है। इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।




