सीएम नीतीश के गृह जिले में बाप- बेटा चला रहे थे मिनी गन फैक्ट्री, नालंदा पुलिस का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

नालंदा/बिहार। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी अभियान के बीच सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूरगंज छोटी पहाड़ी इलाके में गुरुवार को एक मिनी-गन फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने वहां छापेमारी कर पिता-पुत्र को रंगेहाथ गिरफ्तार किया और घर से हथियार बनाने के उपकरण तथा अर्धनिर्मित हथियार बरामद किए। डीएसपी सदर नुरुल हक ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने दिलीप मिस्त्री के घर पर छापा मारा।
मौके से दिलीप मिस्त्री और उसके पुत्र आदित्य कुमार को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे लंबे समय से अपने घर में ही अवैध हथियार बनाकर बेचते आ रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक तैयार देसी कट्टा, .315 बोर के दो अर्द्धनिर्मित कट्टे, तीन अर्द्धनिर्मित बैरल और एक जिंदा गोली बरामद की। इसके अलावा घटना स्थल से 5,950 रुपये नकद भी जब्त किए गए। हथियार बनाने में उपयोग होने वाले कई उपकरणों का भी जखीरा मिला विभिन्न कंपनियों के ग्राइंडर, वेल्डिंग मशीन, कटर मशीन, आरी, रेती, स्प्रिंग, लोहे की चादर और कट्टा बनाने के अन्य कई सामान।
छापेमारी में सोहसराय थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश , सोनू कुमार और मोहम्मद अली के साथ सीआरपीएफ बटालियन की टीम शामिल थे । गिरफ्तार पिता-पुत्र से कड़ी पूछताछ जारी है ताकि उनके नेटवर्क का पता लगाया जा सके। ध्यान रहे कि पुलिस चुनाव को लेकर लगातार छापेमारी कर रही है। अवैध हथियारों के साथ वैसे लोगों को पर निगाहें हैं, जो आपराधिक गतिविधियों में शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button