7वीं की छात्रा को दिया लव लेटर, शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव, सरकारी स्कूल का प्रिंसिपल गिरफ्तार

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। हमारे समाज में गुरु और शिष्य का नाता बेहद पवित्र माना जाता है। हालांकि इस रिश्ते को कलंकित करने वाली घटनाएं भी होती रहती हैं। ताजा मामला अलीगढ़ के एक सरकारी स्कूल है। प्रिंसिपल शकील अहमद को 7वीं कक्षा की छात्रा को लव लेटर लिखकर और शादी का दबाव बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उस पर पोस्को एक्ट के तहत कार्रवाई की है। बीएसए ने आरोपी प्रिंसिपल को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उसकी सेवा खत्म करने की भी तैयारी चल रही है।
यह घटना जवां ब्लॉक के तालिवनगर स्थित एक सरकारी स्कूल की है। आरोप है कि प्रिंसिपल शकील अहमद ने 11 साल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने घर पहुंचकर मां को बताया। मां ने तुरंत डीएम और एसएसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।
छात्रा की मां का कहना है कि शकील अहमद ने किसी को कुछ बताने पर मारने की धमकी भी दी थी। बच्ची बेहद डरी हुई थी। आरोपी ने बेटी को लेटर दिया था। इसमें लिखा था कि वह उसे बहुत पसंद करता है और उसे पत्नी बनाना चाहता है।
बीएसए राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी शिक्षक की सेवाएं पूरी तरह से समाप्त करने की तैयारी की जा रही है। वह बच्ची के साथ छेड़छाड़ करता था और उससे शादी कर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बना रहा था। इस घटना से पूरे इलाके में रोष का माहौल है। लोगों ने पुलिस से आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की मांग की है।




