ग्रेजुएशन समारोह एवं विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम हुआ आयोजित

सुमिता शर्मा,अनूपपुर/मध्य प्रदेश। राजनगर के डोला सेक्टर अंतर्गत पूरे आंगनवाड़ी में ग्रेजुएशन समारोह एवं विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी विनोद परस्ते एवं परियोजना अधिकारी सीमा गाजू के मार्गदर्शन में तथा सेक्टर पर्यवेक्षक सीमा सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत 24 मार्च 2026 को की गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के महत्व को अभिभावकों तक पहुंचाना तथा बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की स्कूल पूर्व तैयारी (Pre-School Education) कराई जाती है, जिससे उन्हें विद्यालय में प्रवेश के समय किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर 6 वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे उनके औपचारिक शिक्षा की शुरुआत सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।




