श्रीनगर में सीआरपीएफ ने लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर, लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में उमड़े स्थानीय लोग

श्रीनगर/एजेंसी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 117वीं बटालियन ने श्रीनगर के चानपोरा इलाके में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हम आपको बता दें कि इस चिकित्सा शिविर में नटिपोरा, चानपोरा, नौगाम, मेथन और पड़ोसी क्षेत्रों के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 300 रोगियों को विशेष चिकित्सा परामर्श प्रदान किया गया। इस दौरान डॉक्टरों की एक टीम ने रोगियों का उपचार किया। इस शिविर के माध्यम से प्रवासी मजदूरों को भी काफी फायदा हुआ। प्रभासाक्षी संवाददाता ने श्रीनगर में इस चिकित्सा शिविर का जायजा लिया और पाया कि इस दौरान खासतौर पर महिलाओं को स्त्री रोग विशेषज्ञों से बातचीत कर काफी राहत मिली। शिविर में बुजुर्गों का भी उम्र संबंधी तमाम तरह की परेशानियों का निवारण हुआ।
चिकित्सा शिविर के उद्घाटन के अवसर पर सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। अधिकारियों ने भी स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनका हाल जाना और जन स्वास्थ्य के प्रति कार्यरत रहने के लिए सीआरपीएफ की प्रतिबद्धता जताई। सीआरपीएफ की 117वीं बटालियन के कमांडेंट बिप्लब सरकार ने बारिश और ठंड के मौसम के बावजूद जबरदस्त प्रतिक्रिया के लिए स्थानीय निवासियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल स्थानीय समुदाय के कल्याण और भलाई के लिए काम करता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button