बुलंदशहर में ऑपरेशन लंगड़ा के तहत तीन थाना पुलिस की लुटेरों से मुठभेड़, एनकाउंटर में चार लुटेरों के पैर छलनी

बुलंदशहर/उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन हुआ है। मिनी बैंक में लूट करने वाले गिरोह के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस पर भी मुठभेड़ के दौरान फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस एनकाउंटर में चारों आरोपियों के पैर में गोल लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मिनी बैंक लूट केस के मामले में पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश कर रही थी।
बुलंदशहर के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि रविवार तड़के स्वाट टीम और थाना औरंगाबाद पुलिस ने मडका मंदिर नहर पुल पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की थी। उसी समय पवसारा की ओर से दो बाइक पर सवार 4 संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिये। उनको रुकने का इशारा किया गया तो वे बाइक को तेजी से राजगढ़ी नहर पटरी की तरफ मोड़कर भगाने लगे। पुलिस ने दोनों बाइकों पर सवार बदमाशों का पीछा किया गया। कुछ दूर जाने के बाद एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। दूसरी मोटरसाइकिल सीधी भाग गई।
बदमाशों ने अपने आपको घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम की ओर से जवाबी फायरिंग की गई। इसमें लुटेरे विकास शर्मा पुत्र सत्यप्रकाश निवासी औरंगाबाद गदाना, थाना मोदीनगर, जिला गाजियाबाद, उत्तम पुत्र राम सिंह निवासी माखननगर, थाना बहसूमा, जिला मेरठ के पैर में गोली लगने से घायल हो गए। लुटेरों के कब्जे से 67 हजार रुपये और अवैध असलहा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।
गुलावठी में दूसरा एनकाउंटर
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि फरार हुए 2 लुटेरों की सूचना वायरलेस सेट पर प्रसारित की गई। इसके बाद थाना गुलावठी पुलिस और थाना अगौता पुलिस टीम ने असावर रोड के पास भाग रहे बाइक सवार बदमाशों को घेरा। पुलिस ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की। इस पर अपराधियों की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। एनकाउंटर में पैर में गोली लगने से लुटेरे रिहान पुत्र सकावत निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना हयातनगर, जिला संभल और अंकुर पुत्र रमेशचन्द निवासी ग्राम अमराला, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद घायल हो गए। घायल लुटेरों के कब्जे से 47 हजार रुपये नकद, अवैध असलहा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है। घायल लुटेरों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दिन दहाड़े लूटा था बैंक मित्र केंद्र
बुलंदशहर में मिनी बैंक लूट कांड के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ गया था। दरअसल, 4 दिन पहले औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव जिताका में स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बैंक मित्र केंद्र को बाइक सवार लुटेरों ने दिन- दहाड़े लूट लिया था। लुटेरे 2.51 लाख रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। लुटेरे बैंक मित्र केंद्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। एसएसपी ने बताया कि घायल लुटेरों ने पीएनबी के बैंक मित्र केंद्र जिताका को लूटने की वारदात को अंजाम देने का जुर्म पुलिस पूछताछ में कबूल किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button