उत्तर प्रदेश में एक और नया जिला कल्याण सिंह नगर बनाने की तैयारी शुरू

उत्तर प्रदेश डेस्क। उत्तर प्रदेश को बहुत जल्द एक और नया जिला मिल सकता है। इस नए जिले को बनाने के लिए विभागों के बीच फाइलें रफ्तार पकड़ चुकी हैं और राजस्व परिषद ने उन दो जिलों के डीएम से रिपोर्ट मांगी है, जिनके कुछ हिस्सों को शामिल कर यह नया जिला बनाया जाएगा। इस नए जिले का नाम होगा- कल्याण सिंह नगर। बुलंदशहर के डिबाई और अलीगढ़ के अतरौली, गंगीरी इलाकों को मिलाकर बनने वाला यह उत्तर प्रदेश का 76वां जिला होगा। दरअसल, इस जिले की मांग पूर्व सीएम कल्याण सिंह ने ही उठाई थी लेकिन विपक्षी दलों की तरफ से सहयोग ना मिलने की वजह से बात आगे नहीं बढ़ पाई।
अब कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने इस संबंध में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी है। अपनी चिट्ठी में उन्होंने कहा है कि उनके पिता कल्याण सिंह कई बार अतरौली सीट से विधायक का चुनाव जीते और विधानसभा में उन्होंने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। यहां की जनता की मांग है कि अतरौली को एक अलग पहचान मिलनी चाहिए। अलीगढ़ के साथ-साथ कल्याण सिंह बुलंदशहर में भी काफी एक्टिव रहे, इसलिए वहां की जनता का भी उनसे जुड़ाव है। ऐसे में अतरौली सहित बुलंदशहर के डिबाई को जोड़कर कल्याण सिंह के नाम पर एक नये जिले का गठन किया जाए। नए जिले की मांग को लेकर राजस्व परिषद ने बुलंदशहर और अलीगढ़ के डीएम से पूरी रिपोर्ट मांगी है।
कल्याण सिंह 1967 में पहली बार अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। भारतीय जनसंघ के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे कल्याण सिंह ने उस समय कांग्रेस नेता को 4351 वोटों के अंतर से हराया था। इसके बाद 1969, 1974, 1977, 1980, 1985, 1989, 1991, 1993, 1996 और 2002 के चुनावों में उन्होंने इस सीट से कुल 10 बार चुनाव लड़ा और 9 बार जीत हासिल की। केवल 1980 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस नेता अनवर खान के हाथों हार का सामना करना पड़ा। जून 1991 में कल्याण सिंह पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button