दिल्ली पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर से आईपीएल-रणजी के नाम पर ऐंठे लाखों रुपये

नई दिल्ली। द्वारका जिले में दिल्ली पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर के साथ लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। जालसाज ने खुद को क्रिकेटर बताकर इंस्टाग्राम के जरिए सब इंस्पेक्टर से दोस्ती की। फिर स्पोटर्स कोटा के जरिए दिल्ली पुलिस में भर्ती के बारे में जानकारी लेने के बहाने पुलिसकर्मी का विश्वास जीता। उसके बाद खुद को बेरोजगार और आईपीएल में सेलेक्शन की बात कहकर मदद करने के बहाने पीड़ित से 9.26 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर जब सब इंस्पेक्टर ने पैसे मांगे तो आरोपी उसे बदनाम करने की धमकी देने लगा। पुलिसकर्मी की शिकायत पर द्वारका साइबर सेल ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
पीड़ित सब इंस्पेक्टर सपरिवार नजफगढ़ में रहते हैं और उनकी तैनाती पश्चिम विहार थाने में है। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 19 सितंबर 2022 को उनके पास इंस्टाग्राम पर किसी विक्की तोमर का मैसेज आया। उसने खुद को क्रिकेटर बताया। उसने बताया कि उसका रणजी टीम में सेलेक्शन हो गया है। अगले साल आईपीएल में भी सेलेक्शन होने वाला है।
बेरोजगार बताकर करने लगा ठगी
बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह दिल्ली पुलिस में स्पोर्ट्स कोटे से नौकरी करना चाहता है। इसके लिए वह उससे सलाह लेना चाहता है। उसके बाद दोनों पश्चिम विहार इलाके में मिले। आरोपी खुद को बेरोजगार बताकर सब इंस्पेक्टर से 30 हजार रुपये मांगे। फिर किसी न किसी बात की जरूरत बताकर पीड़ित से पैसे उगाही करने लगा।
आरोपी ने बताया कि उसका एक दोस्त सेना में है, जो आईपीएल के सेलेक्शन में उसकी मदद करेगा। फिर उसे पैसे देने के बहाने सब इंस्पेक्टर से लाखों रुपये ले लिए। लगातार कोई न कोई बहाना बनाकर आरोपी पैसे की मांग करता रहा। एक दिन पैसे के बारे में पूछे जाने पर उसने बताया कि क्रिकेट में सट्टा लगाने में वह सारे पैसे गंवा चुका है। पीड़ित ने उससे पैसे वापस करने के लिए कहा। इसपर आरोपी ने उन्हें बदनाम करने की धमकी देने लगा। उसके बाद पीड़ित ने द्वारका साइबर सेल में इसकी शिकायत की। द्वारका साइबर सेल फोन नंबर और सोशल मीडिया के प्रोफाइल की तकनीकी जांच कर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button