नोएडा में जीआईपी मॉल के सामने बनेगा श्रीनगर के लाल चौक जैसा घंटाघर

नोएडा। सेक्टर-38 ए स्थित जीआईपी मॉल के सामने जल्द घंटाघर काम शुरू होने जा रहा है। इसके लिए कार्य योजना को सैद्धांतिक मंजूरी प्राधिकरण सीईओ डॉ लोकेश एम ने दे दी है। जहां पर यह योजना धरातल पर उतारी जाएगी, उस जगह पर पुलिस चौकी को शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए मार्किंग की जा रही है। बनाए जाने वाले घंटाघर की ऊंचाई करीब 70 फीट की होगी। इस घंटाघर में चारों ओर घड़ियां होंगी। यह घड़ी रोमन अंक में होंगी जो सोलर पैनल पर आधारित होंगी। घंटाघर बनाने वाली कंपनी ही घड़ी भी लगाएगी। इसका डिजाइन कुछ-कुछ श्रीनगर के लाल चौक से लिया गया है।
हालांकि लाल चौक के घंटाघर को फ्लोर में डिवाइड किया गया है। जबकि नोएडा में बनाया जा रहा घंटाघर में फ्लोर नहीं है। इसके निर्माण में करीब 1.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कंपनी ने इसका डिजाइन भी प्राधिकरण को दिया है। इसका कलर लाल रंग का होगा।
साथ ही ऊपरी हिस्सा चोटी नुमा होगा। जिस पर तिरंगा फहराया जाएगा। घंटाघर के चारों ओर ग्रीन बेल्ट बनाई जाएगी, जिसमें बैठने के लिए बैंच होंगी। यहां सेल्फी प्वाइंट भी होगा। इस प्वाइंट को इस लिए चुना गया, क्योंकि यह रोड सीधे दिल्ली को जोड़ती है।
इसके एक तरफ माल और दूसरी तरफ नोएडा का वाणिज्यिक हब सेक्टर-18 है। ऐसे में यह घंटाघर नोएडा की सामरिक और आर्थिक दोनों ही उपलब्धियों का केंद्र भी होगा। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने बताया कि उद्यान विभाग की ग्लास हाउस, जापानी पगोडा, मंडपम वगैरह के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।
इसके अलावा सोरखा में पुष्करिणी तालाब का निर्माण करीब 13 करोड़ में किया जाएगा। इस बजट पर सीईओ की मुहर लगना बाकी है। जल्द ही फाइल प्रस्तुत की जाएगी। नोएडा के उद्योग मार्ग को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके के लिए कंपनी का चयन होने जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button