बस्ती में नाबालिग के साथ हैवानियत, शारीरिक शोषण के बाद देह व्यापार में धकेला, मुठभेड़ में दो इनामी गिरफ्तार

बस्ती/उत्तर प्रदेश। बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के कुढ़ापट्टी गांव के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान नाबालिग छात्रा के अपहरण, दुष्कर्म और अनैतिक देह व्यापार के रैकेट में शामिल दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ह्यूमन ट्रैफिकिंग गैंग के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है।
घटना 25 अगस्त को हुई, जब कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की एक नाबालिग छात्रा का अपनी वार्डन से विवाद हो गया। गुस्से में वह हॉस्टल से भाग गई। नगर के कलवारी मार्ग पर पहुंचने पर एक ट्रक ड्राइवर ने उसे आगे छोड़ने का लालच देकर ट्रक में बैठाया। जब छात्रा ने मना किया तो उसे जबरन ट्रक में बिठाकर एक सुनसान जगह ले जाया गया, जहां ड्राइवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद ड्राइवर ने अपने एक साथी को बुलाया, जिसने भी कई बार उसका शारीरिक शोषण किया।
आरोपियों ने नाबालिग को सुल्तानपुर कटका के पास सीमा नाम की एक महिला को सौंप दिया। सीमा ने उसे अयोध्या के आरटीओ ऑफिस के पास एक किराए के मकान में ले जाकर देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया। वहां आने-जाने वाले ट्रक ड्राइवरों के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनवाए गए और सीमा इसके बदले पैसे वसूलती थी। पीड़िता ने बताया कि कई लोगों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
नाबालिग के लापता होने की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। 6 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक ड्राइवर नाबालिग को बेचने की फिराक में है। 7 सितंबर की रात को पुलिस ने ट्रक (MH 04 LE 1921) की तलाशी ली, जिसमें लापता नाबालिग बरामद हुई। ट्रक ड्राइवर राहुल पांडेय, जो राजस्थान का निवासी है, को मौके पर हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस ने ह्यूमन ट्रैफिकिंग गैंग के पांच अन्य सदस्यों सुनील, पंकज, सुभाष, सीमा और राम सहाय को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो इनामी बदमाशों, सुनील और पंकज, को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पैर में गोली लगी और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 137(2), 70(2), 115(2), 352/351(2), 98/99 बीएनएस और 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button