नोएडा में साइबर ठगों को बैंक खाता देने वाला गिरफ्तार, तीन करोड़ की ठगी का खुलासा

नोएडा। शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले साइबर ठगों को कमीशन पर बैंक खाता देने वाले एक शातिर को गौतमबुद्ध नगर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मंगलवार रात को सेक्टर 18 से दबोचा। आरोपित के बैंक खाते में करीब ठगी के 60 लाख रुपये खपाए गए। वह तीन करोड़ रुपये की ठगी में संलिप्त था। ठगी में संलिप्त बैंक खातों की जानकारी से पुलिस आरोपित तक पहुंची। पुलिस आरोपित के अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। पिछले साल नोएडा के एक व्यक्ति से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी हुई थी। साइबर क्राइम थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर ठगों की पहचान और तलाश में जुटी थी।
टीम को बिहार के रहने वाले एक युवक की भूमिका संदिग्ध मिली। टीम ने इनपुट के आधार पर युवक को मंगलवार रात नोएडा से दबोच लिया। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपित की पहचान बिहार पूर्णिया के बंटी कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में पता चला है कि करीब एक साल पहले सोशल मीडिया से बंटी ठगों के संपर्क में आया था।
ठगों ने बैंक खाता उपलब्ध कराने और रकम निकालने के एवज में कमीशन देने का लालच दिया था। बंटी ने ठगों को बैंक खाता खुलवाकर दिया था। बंटी के खाते का प्रयोग तीन करोड़ की ठगी के अलावा अन्य ठगी की रकम को भी खपाने में किया गया। अभी तक की जांच में पता चला है कि इसमें ठगी के 60 लाख रुपये प्राप्त हुए। इस खाते के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज है। पुलिस इसके 14 साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने बताया कि साइबर ठग तरह-तरह के प्रलोभन व डराकर संपर्क करते हैं। किसी अनजान के कहने पर शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रकम ट्रांसफर नहीं करें। अगर कोई व्यक्ति घर बैठे मुनाफा कमाने का लालच देता है। इसका भौतिक सत्यापन अवश्य करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल पूरी जानकारी के साथ हेल्पलाइन नंबर 1930 पर काल करें या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।




