कानपुर में दो बच्चों को रजाई में लपेट कर महिला ने लगाई आग, मां-बेटे की जलकर मौत, बेटी की हालत गंभीर

कानपुर देहात,(उत्तर प्रदेश)। रूरा थाना क्षेत्र के गुटैहा घनश्यामपुर गांव में रविवार को दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। एक महिला ने दो मासूम बच्चों को रजाई में लपेट कर आग के हवाले कर दिया इसके बाद खुद आग लगा ली। मां व मासूम बेटे की जलकर मौत हो गई जबकि छह साल की बेटी झुलस गई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद वहां भीड़ एकत्र हो गई। मां बेटे के जले शव देख लोगों की आंखे नम हो गईं। गुटैहा घनश्यामपुर में सुनीता (30) ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि हर कोई हैरान रह गया। शायद ऐसा करते हुए मां की ममता मर गई। महिला अपने जिगर के टुकड़े चार साल के बेटे अर्पित व छह साल बेटी आयुषी को रजाई में लपेट कर आग के हवाले कर दिया। दोनों बच्चे तड़पने लगे इस बीच खुद आग लगा ली। दिल को झकझोर देने वाली इस घटना में सुनीता और बेटे अर्पित की जलकर मौत हो गई जबकि बच्ची आयुषी गंभीर रूप से झुलस गई, उसका अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के पहुंचने के बाद पता चला कि सुनीता ने शनिवा रात में करीब एक बजे के बाद इस घटना को अंजाम दिया। रात होने की वजह से लोगों को जानकारी नहीं हो सकी।
सुबह हुई घटना की जानकारी
रविवार सुबह लोगों को इस घटना की जानकारी हुई तो घर में भीड़ लग गई। अंदर जाकर जिसने भी वो मंजर देखा उसकी रूह कांप गई। मां और मासूम बेटे के शव जले पड़े थे। प्रभारी निरीक्षक रूरा समर बहादुर सिंह फॉरेंसिक टीम लेकर मौके पर पहुंचे। छानबीन में सामने आया कि घरेलू कलह की वजह से महिला ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया है। मां बेटे के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। घटना के बाद पति जसवंत फरार है।
दस साल पहले हुई थी शादी
सुनीता की दस साल पहले गुटैहा घनश्यामपुर के रहने वाले जसवंत के साथ शादी हुई थी। जसवंत एक गैस एजेंसी में काम करता था। दोनों के दो बच्चे थे। घर में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। विवाद की मुख्य वजह क्या थी, ये अभी पूरी तरह से सामने नहीं आया है। सुनीता के माता-पिता और अन्य मायके वाले राजस्थान में काम करते हैं। उन्हें सूचना दी गई है। पुलिस उनके आने का इंतजार कर रही है ताकि घटना की सही वजह सामने आ सके। एएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की वजह फिलहाल घरेलू कलह सामने आ रही है। मामले की छानबीन की जा रही है। कानपुर देहात के रूरा में गुटैहा घनश्यामपुर में एक महिला ने चार साल के बेटे अर्पित और छह साल की बेटी आयुषी को रजाई में लपेट कर आग लगा दी। इसके बाद खुद आग लगा ली। इस हृदयविदारक घटना में मां बेटे की जलकर मौत हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button