गाजियाबाद में महिलाओं का भेष बनाकर दो बदमाशों ने की लूटपाट, 12 घंटे में गिरफ्तार

गाजियाबाद। कौशांबी के वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार सुबह महिलाओं के भेष में दो बदमाशों ने जबरन गाड़ी में घुसकर युवक से सोने की चेन, दो हजार रुपये और फोन लूट लिया। युवक ने भागकर पुलिस को घटना की सूचना दी। हरकत में आई कौशांबी पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार कर नकदी, चेन का टुकड़ा और फोन बरामद कर लिया है।
दिल्ली के मंडावली में फाजलपुर निवासी मुकुल शर्मा नोएडा की निजी कंपनी में काम करते हैं। सोमवार सुबह करीब पांच बजे वह अपने दोस्त को मोहन नगर पर छोड़कर वापस दिल्ली लौट रहे थे। वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर वह लघु शंका करने लगे। तभी एक बदमाश महिला के भेष में जबरन उनकी गाड़ी में बैठ गया और धमकी देकर सोने की चेन, दो हजार रुपये व फोन लूट लिया। इसी बीच बदमाश ने अपने साथी को भी बुलाया, लेकिन मुकुल तब तक गाड़ी से निकलकर भाग गए। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। इंदिरापुरम के एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर कौशांबी पुलिस तत्काल हरकत में आई और 12 घंटे के अंदर किशनगंज निवासी कार्तिक और दिल्ली स्थित जेजे कॉलोनी निवासी सतीश को वैशाली सेक्टर-2 की पुलिया से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी महिलाओं का भेष बदलकर लूट की घटना को अंजाम देते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button