दिल्ली पुलिस ने मथुरा में एक और अवैध हथियार फैक्ट्री का किया भंडाफोड़

बाहर पहरा देते थे खूंखार कुत्ते और अंदर चलता था काला धंधा

नई दिल्ली। उत्तरी जिला की सराय रोहिल्ला थाना पुलिस ने पिछले 10 दिन के भीतर मथुरा में चल रही अवैध हथियार बनाने की दूसरी बड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान यूपी में मथुरा के गांव अरनोदा गढ़ी के शिव चरण के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर गांव के जंगलों में चल रही फैक्ट्री से 14 कट्टे, एक बंदूक, 350 कट्टों के पुर्जे और भारी मात्रा में मशीनें बरामद की हैं। आरोपी पिछले कई सालों से अपने पार्टनर हनवीर उर्फ हन्नू के साथ मिलकर यह फैक्ट्री चला रहा था। करीब एक साल पहले हनवीर ने अलीगढ़ में अपनी दूसरी फैक्ट्री बना ली थी। वह वहीं का काम देख रहा था। शिव चरण की फैक्ट्री से बनकर बिक रहे अवैध हथियार के मुनाफे में हनवीर का आधा हिस्सा होता था। मौजूद समय में मथुरा के जिस जंगल में फैक्ट्री चल रही थी, वह एरिया बाढ़ ग्रस्त है।
पुलिस की टीम ने 5 से 8 फीट गहरे पानी को करीब तीन किलोमीटर तक पार कर फैक्ट्री से अवैध हथियार बरामद किए हैं। उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, दिल्ली के सराय रोहिल्ला में नाबालिग ने फायरिंग कर दी थी। उसकी कड़ियां जोड़ती हुई टीम अलीगढ़ पहुंची, जहां से एक सितंबर को अलीगढ़ के जट्टारी पिशावा रोड पर अवैध हथियार की फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने हनवीर उर्फ हन्नू को गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने हनवीर से पूछताछ की तो आरोपी ने अपनी दूसरी फैक्ट्री मथुरा में होने की बात बताई। हनवीर से जानकारी मिलने के बाद टीम गांव अरनोदा गढ़ी, मथुरा पहुंची। वहां खेतों के पास ट्यूबवेल के पास फैक्ट्री चल रही थी, लेकिन बाढ़ की वजह से आसपास के एरिया में चार से आठ फुट तक पानी भरा हुआ था। ऐसे में टीम पानी में होती हुई आरोपी की फैक्ट्री तक पहुंची।
बाद में पुलिस ने हनवीर के साथी शिव चरण को गिरफ्तार कर लिया। इसकी फैक्ट्री से भारी मात्रा में हथियार व अन्य उपकरण बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान शिव चरण ने बताया कि वह हनवीर के साथ काम करता था। मथुरा की फैक्ट्री से दोनों ने कई हजार कट्टे बदमाशों को बेच दिए। पुलिस दोनों को आमने सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है। आरोपी पांच से छह हजार में एक तमंचा बेचते थे। पुलिस को इनके बाकी साथियों की तलाश है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि शिवचरण जंगल में अपने साथियों के साथ मिलकर क्या करता था, यह किसी को नहीं पता। दरअसल उसने फैक्ट्री में दो खूंखार कुत्ते पाले हुए थे। वह खुले ही रहते थे। ऐसे में कोई भी ग्रामीण व अन्य उसकी फैक्ट्री के आसपास जाने का भी साहस नहीं जुटा पाता था। शिव चरण ने बताया कि वह पिछले करीब छह-सात साल से अवैध हथियार बनाने के धंधे में शामिल है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button