बाइक का इंश्योरेंस और पीयूसी न होने पर बरपा पुलिसकर्मियों का कहर, हाथ-पैर बांधकर पुलिस चौकी में पीटा
कैंसर से जूझ रही मां की दवा लेने आया था मोदीनगर

गाजियाबाद। मोदीनगर में वाहन चेकिंग के दौरान कहासुनी से गुस्साए पुलिसकर्मियों ने दो युवकों को गोविंदपुरी चौकी में बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा। युवक मोदीनगर में अपनी मां की कैंसर की दवा लेने आया था। इसी बीच पुलिसकर्मी जबरन उन्हें चौकी लेकर गए और कमरे में हाथ-पैर बांधकर पीटा। मामले में पीड़ित ने डीसीपी ग्रामीण से शिकायत की है। उन्होंने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बुलंदशहर के बीबीनगर के ढिकौली गांव के हरिओम की मां को कैंसर है। उनका दिल्ली से उपचार चल रहा है। हरिओम ने अपने दाेस्त प्रतीक से दिल्ली से मां की दवा मंगाई थी। प्रतीक दवा लेकर मोदीनगर आया था। हरिओम 28 जून की शाम को बाइक से मोदीनगर आए। प्रतीक छाया पब्लिक स्कूल के पास खड़ा था। हरिओम उनके पास जा रहे थे।इस बीच रास्ते में गोविंदपुरी में चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी ने उनकी बाइक रोकी और दस्तावेज मांगे। इसपर हरिओम ने ड्राइविंग लाइसेंस दिखाया। बाइक का बीमा व प्रदूषण खत्म हो चुका था।
आरोप है कि इसको लेकर पुलिसकर्मी अभद्रता करने लगे। विरोध किया तो प्रतीक व हरिओम को पुलिसकर्मी गोविंदपुरी चौकी लेकर गए। वहां उन्हें कमरे में बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा। आरोप है कि उनके हाथ बांध दिये और तलवों पर पट्टे से वार किये। दोनों को बुरी तरह पीटा। आरोप है कि करीब दो घंटे बाद उन्हें चौकी से छोड़ा गया। मामले में हरिओम की तरफ से बुधवार को डीसीपी ग्रामीण से शिकायत की गई है। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि प्रकरण में जांच की जा रही है। उसी आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित होगी।




