गाजियाबाद में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले 2 अभियुक्त गिरफ्तार

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में डेबिट कार्ड बदलकर रुपये निकलने वाले शातिरों को पुलिस ने पकड़ा है। एटीएम में रुपये निकालने आए लोगों के डेबिट कार्ड बदलकर उनके खातों से लाखों रुपये निकालने वाले दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 179 डेबिट कार्ड, फेवीकोल, एक पेचकस, बाइक और 4860 रुपये बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी संदीप निवासी सहारनपुर और सचिन निवासी हरिद्वार हैं। दोनों के खिलाफ अन्य थानों में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपी ऐसे एटीएम को निशाना बनाते थे, जहां लोग ज्यादा कैश निकालने आते हैं। वे अपने पास मौजूद पुराने डेबिट कार्ड के पीछे फेवीकोल लगाकर उसे मशीन में डालकर बाहर निकाल लेते थे। फेवीकोल के प्रयोग से मशीन करीब आधे घंटे के लिए काम करना बंद देती थी। इसी बीच जो भी व्यक्ति रुपये निकालने एटीएम में आता था, खासकर महिला के आने पर मदद के बहाने आरोपी एटीएम में घुस जाते थे और उसे बातों में लगाकर डेबिट कार्ड बदल देते थे। इस दौरान वे उसका पिन भी देख लेते थे।
इसके बाद दूसरे एटीएम से रुपये निकाल लेते थे। आरोपियों ने मोदीनगर, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में 225 लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालने की बात स्वीकार की है। बरामद पेचकस का प्रयोग पकड़े जाने पर हमला करके फरार होने के लिए भी किया जाता था।
एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि गुरुवार को मोदीनगर कोतवाली में गांव कादराबाद निवासी राजेश देवी ने शिकायत दी कि वह गोविंदपुरी स्थित पीएनबी के एटीएम से रुपये निकालने गई थीं। वहां रुपये नहीं निकलने पर दो युवकों ने बातों में उलझाकर उसका डेबिट कार्ड बदल दिया। इसके बाद उनके खाते से हजारों रुपये निकाल लिए। महिला की सूचना पर तत्काल पुलिस की टीमों का गठन किया गया। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई। इसके बाद एटीएम के बाहर सादे कपड़ों में पुलिस तैनात की गई। शुक्रवार को दोनों आरोपी जब एटीएम पर पहुंचे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button